यातायात पुलिस का विशेष अभियान, 159 वाहन चालकों के ओवरस्पीड में चालान
Gargachary Times
30 October 2026, 20:29
43 views
Firozabad
*फिरोजाबाद।* जनपद में यातायात व्यवस्था को सुगम एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी यातायात के नेतृत्व में यातायात पुलिस ने शुक्रवार को विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। साथ ही वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
यातायात पुलिस की कार्रवाई के दौरान मानक से अधिक सवारियां बैठाकर संचालित किए जा रहे दो ऑटो-ई-रिक्शा को सीज किया गया, जबकि 17 के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई। इसके अलावा ऑटो-ई-रिक्शा के विरुद्ध कुल 73 चालान किए गए।
अभियान के दौरान स्पीड मीटर से वाहनों की गति की जांच की गई। निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलाने वाले 159 चालकों के चालान किए गए। वहीं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 634 अन्य वाहनों के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की गई।इसके अतिरिक्त साउंड स्पीकर लगाकर चलने वाले 22 वाहनों, स्टंट एवं तेज रफ्तार बाइक चलाने वाले चार वाहन चालकों तथा 13 ईको वाहनों के चालान किए गए।यातायात पुलिस ने अभियान के दौरान ब्रेथ एनालाइजर से वाहन चालकों की जांच भी की। वाहन चालकों को नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की हिदायत दी गई। बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों को हेलमेट के महत्व के बारे में बताया गया। हेलमेट बैंक के माध्यम से भी लोगों को हेलमेट के प्रयोग के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने वाहन चालकों एवं आमजन को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने तथा यातायात संकेतों का पालन करने की अपील की। पुलिस ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए अभियान जारी रहेगा।