डीएम संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में विकास भवन में हुआ पीएम किसान उत्सव का आयोजन, 46.73 करोड़ रुपये की धनराशि डीबीटी से भेजी गई
Gargachary Times
30 October 2026, 20:55
54 views
Firozabad
*फिरोजाबाद।* विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में पीएम किसान उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री द्वारा गुजरात के बनासकांठा से पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त देशभर के किसानों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई।इस दौरान जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने जनपद के किसानों को बधाई देते हुए बताया कि फिरोजाबाद के 2,33,651 किसानों के बैंक खातों में कुल 46 करोड़ 73 लाख 2 हजार रुपये की धनराशि भेजी गई है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक माह के तीसरे बुधवार को किसान समाधान दिवस का आयोजन किया जाता है, जिसमें किसान अपनी समस्याओं का निस्तारण करा सकते हैं।जिलाधिकारी ने सभी कृषि भूमि धारक किसानों से फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य रूप से कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि फार्मर आईडी बनने से किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक, बीज, फसल बीमा, किसान क्रेडिट कार्ड और खाद्यान्न खरीद सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ सुगमता से मिल सकेगा।उन्होंने बताया कि जनकल्याण के उद्देश्य से जनगणना अभियान 16 नवंबर से 30 नवंबर तक संचालित किया जाएगा। इसमें सभी नागरिकों को स्वगणना के माध्यम से अपनी जानकारी स्वयं दर्ज करनी होगी। इसके अलावा वयस्क मताधिकार सुनिश्चित करने के लिए 12 नवंबर से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाया जाएगा। इसमें छूटे हुए मतदाताओं और जनवरी 2027 में 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं के नाम फार्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में जोड़े जाएंगे।ब्लॉक प्रमुख फिरोजाबाद लक्ष्मीनारायण यादव ने किसानों को बधाई देते हुए कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि योजना किसानों के लिए पेंशन जैसी महत्वपूर्ण योजना है, जिसके तहत पूरी धनराशि सीधे उनके बैंक खातों में पहुंचती है।उप कृषि निदेशक सत्येंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पीएम किसान योजना से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए कृषि भवन में हेल्पडेस्क स्थापित की गई है। इसके साथ ही ग्राम पंचायत स्तर पर तैनात कृषि विभाग के कर्मचारी भी किसानों की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। उन्होंने किसानों से पराली नहीं जलाने तथा जल संरक्षण के लिए ड्रिप और स्प्रिंकलर जैसी आधुनिक सिंचाई विधियों को अपनाने की अपील की। उन्होंने बताया कि कृषि विभाग के बीज गोदामों पर गेहूं, सरसों एवं मसूर के बीज अनुदान पर उपलब्ध हैं। किसान बुकिंग कराकर इनका लाभ उठा सकते हैं।कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने किसानों को निःशुल्क सरसों बीज मिनीकिट वितरित किए। मनमोहन सिंह, विष्णु दत्त शर्मा, अरविंद कुमार, चरण सिंह, पुरुषोत्तम, प्रमोद कुमार, वीरेंद्र सिंह एवं जयप्रकाश गौतम सहित अन्य किसानों को मिनीकिट प्रदान किए गए। वहीं सुरेंद्र सिंह को कस्टम हायरिंग सेंटर की चाबी सौंपकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर परियोजना निदेशक डीआरडीए सुभाष चंद्र त्रिपाठी, प्रभारी सहायक निदेशक मत्स्य गौरव सिन्हा, उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी दीपक त्यागी, मृदा परीक्षण प्रयोगशाला के अध्यक्ष जाविद अली, अवर अभियंता दलवीर सिंह सहित कृषि विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। पीएम किसान उत्सव का आयोजन कृषि विज्ञान केंद्र, पीएम किसान समृद्धि केंद्रों एवं ग्राम स्तर पर भी किया गया।