यातायात पुलिस का विशेष अभियान, 153 वाहन चालकों के ओवरस्पीड में चालान
Gargachary Times
31 October 2026, 20:12
56 views
Firozabad
फिरोजाबाद। जनपद में यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में यातायात पुलिस ने शनिवार को विशेष अभियान चलाया। क्षेत्राधिकारी यातायात के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। साथ ही वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया।अभियान के दौरान मानक से अधिक सवारियां बैठाकर चलाए जा रहे ऑटो और ई-रिक्शा के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो वाहनों को सीज किया गया, जबकि 21 के चालान किए गए। इसके अलावा ऑटो और ई-रिक्शा के विरुद्ध कुल 81 चालान की कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस ने स्पीड मीटर के माध्यम से विभिन्न मार्गों पर वाहनों की गति की जांच की। निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलाने वाले 153 चालकों के चालान किए गए। वहीं, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 602 अन्य वाहनों के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की गई।इसके अलावा साउंड स्पीकर लगाकर चलने वाले 17 वाहनों के चालान किए गए। स्टंट और तेज रफ्तार से बाइक चलाने वाले छह वाहन चालकों तथा 11 ईको वाहनों के भी चालान किए गए।
हेलमेट और सीट बेल्ट के प्रति किया जागरूक
अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों को हेलमेट के महत्व के बारे में बताया गया। हेलमेट बैंक के माध्यम से भी लोगों को हेलमेट पहनने के प्रति जागरूक किया गया। वहीं, ब्रेथ एनालाइजर से वाहन चालकों की जांच कर नशे की हालत में वाहन न चलाने की हिदायत दी गई।यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने और यातायात संकेतों का पालन करने की अपील की। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।