Loading...

सरदार पटेल जयंती पर सीडीओ ने वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों का जाना हाल, बांटे फल

Gargachary Times 31 October 2026, 20:13 67 views
Firozabad
सरदार पटेल जयंती पर सीडीओ ने वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों का जाना हाल, बांटे फल
फिरोजाबाद। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी फिरोजाबाद ने टूंडला के बन्ना रोड स्थित वृद्धाश्रम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। सीडीओ ने संवासियों को फल वितरित किए और जिला समाज कल्याण अधिकारी के साथ बैठकर भोजन भी किया। निरीक्षण के दौरान वृद्धाश्रम में 23 महिला और 30 पुरुष सहित कुल 53 संवासी तथा नौ कर्मचारी उपस्थित मिले। सीडीओ ने विजय सिंह, इंद्रपाल, मोहर सिंह, महेश चंद्र गुप्ता, श्यामलाल सहित अन्य बुजुर्गों से उनके परिवार और घर-परिवार की परिस्थितियों के बारे में जानकारी ली। महिला संवासियों शीला देवी और इमरती देवी से भी बातचीत कर उनकी कुशलक्षेम पूछी। इस दौरान आगरा के सिकंदरा स्थित नीरव अपार्टमेंट निवासी महेश चंद्र गुप्ता ने अपनी व्यथा बताते हुए कहा कि उनका बेटा बिल्डर है और घर में मर्सिडीज कार तक है, लेकिन घरेलू कलह के चलते उन्हें मजबूरी में वृद्धाश्रम में रहना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि अब उन्हें वृद्धाश्रम में ही रहना अच्छा लग रहा है और वह घर वापस नहीं जाना चाहते। सीडीओ ने संवासियों को फल वितरित किए। इसके बाद जिला समाज कल्याण अधिकारी राजमती के साथ उनके बीच बैठकर भोजन किया। भोजन की गुणवत्ता पर संतुष्टि जताई। संवासियों ने भी संस्था की ओर से की जा रही देखरेख और व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। इस दौरान संवासी मोहर सिंह ने सुंदर गीत सुनाकर सभी का मन मोह लिया। संस्था के कर्मचारी अनमोल कुमार ने बताया कि वृद्धाश्रम के 51 संवासियों को वृद्धावस्था पेंशन का लाभ मिल रहा है। पिछले माह स्वास्थ्य परीक्षण और आयुष्मान कार्ड शिविर भी लगाया गया था, जिसमें 17 संवासियों के आयुष्मान कार्ड बनवाए गए। पेंशन और बेहतर देखभाल के दिए निर्देश मुख्य विकास अधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि वृद्धाश्रम में नए आने वाले संवासियों के पेंशन संबंधी आवेदन तत्काल कराए जाएं। अभिलेखों और जरूरी दस्तावेजों से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण कर उन्हें अवगत कराया जाए। साथ ही कर्मचारियों को बुजुर्गों की उचित देखभाल और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संवासियों को मानसिक रूप से स्वस्थ और प्रसन्न रखने के लिए सप्ताह में एक-दो बार भजन-कीर्तन, देवी जागरण और रामायण पाठ जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कराए जाएं। निरीक्षण के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी राजमती, वरिष्ठ सहायक शिवकुमार कुशवाह और ग्राम विकास अधिकारी टूंडला बृजेश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
Follow Samachar24