ओवरस्पीड और यातायात नियमों की अनदेखी पर पुलिस का शिकंजा, 806 वाहनों के चालान
Gargachary Times
1 November 2026, 19:37
43 views
Firozabad
*फिरोजाबाद।* जनपद में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में यातायात पुलिस ने रविवार को विशेष अभियान चलाया। क्षेत्राधिकारी यातायात के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।यातायात पुलिस के अनुसार मानक से अधिक सवारियां बैठाकर चलाए जा रहे दो ऑटो एवं ई-रिक्शा को सीज किया गया, जबकि 17 के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान ऑटो और ई-रिक्शा के विरुद्ध कुल 72 चालान किए गए।वहीं स्पीड मीटर से वाहनों की गति की जांच करते हुए निर्धारित सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलाने वाले 158 चालकों के चालान किए गए। इसके अलावा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 643 अन्य वाहनों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान वाहनों में साउंड स्पीकर लगाकर चलने वाले 22 वाहन चालकों तथा स्टंट और तेज रफ्तार से बाइक चलाने वाले तीन चालकों के चालान किए गए। पुलिस टीम ने ब्रेथ एनालाइजर से वाहन चालकों की जांच भी की और शराब पीकर वाहन नहीं चलाने की हिदायत दी।यातायात पुलिस ने बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों को हेलमेट के महत्व के प्रति जागरूक किया। हेलमेट बैंक के माध्यम से भी लोगों को हेलमेट के इस्तेमाल के लिए प्रेरित किया गया।पुलिस ने वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने और यातायात संकेतों का पालन करने की अपील की। साथ ही स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।