मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में 1,144 मरीजों को मिला उपचार, 69 स्वास्थ्य केंद्रों पर लगी ओपीडी
Gargachary Times
1 November 2026, 19:38
60 views
Firozabad
*फिरोजाबाद।* आमजन को उनके नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों पर बेहतर एवं निःशुल्क चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार को जनपद के 69 प्राथमिक एवं नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देशन में आयोजित मेले में कुल 1,144 मरीजों ने पंजीकरण कराकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार मेले में पहुंचे मरीजों में 524 पुरुष, 462 महिलाएं और 158 बच्चे शामिल रहे। मेले के सफल संचालन के लिए 184 स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती की गई। वहीं 392 मरीजों को टेलीमेडिसिन के माध्यम से चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया गया।आरोग्य मेले में बुखार, सर्दी-जुकाम, खांसी, त्वचा रोग, पेट संबंधी समस्याओं, श्वसन संबंधी बीमारियों एवं अन्य मौसमी रोगों से पीड़ित मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकों ने मरीजों को आवश्यक परामर्श देने के साथ जरूरत के अनुसार निःशुल्क दवाएं भी वितरित कीं।
मेले में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच, सुरक्षित प्रसव, बच्चों के नियमित टीकाकरण, क्षय रोग की पहचान एवं उपचार, डेंगू-मलेरिया से बचाव तथा उच्च रक्तचाप और मधुमेह जैसी बीमारियों की जांच के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।इसके अलावा आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, आयुष्मान कार्ड, आभा आईडी, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, किशोर स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य, कुष्ठ रोग उन्मूलन, तंबाकू नियंत्रण, परिवार कल्याण और एनीमिया मुक्त भारत अभियान से संबंधित जानकारियां भी दी गईं।मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने संबंधित चिकित्सा अधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि आरोग्य मेले में आने वाले प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई और गंभीर मरीजों को उच्च चिकित्सा केंद्रों पर रेफर करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
स्वास्थ्य विभाग ने जनपदवासियों से अपील की कि प्रत्येक रविवार को आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में पहुंचकर निःशुल्क जांच, उपचार और चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाएं।