सिरसागंज को पर्यटन के मानचित्र पर मिलेगी नई पहचान, 6.45 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने वेद उपवन पार्क और जदुद्वारा स्थल का किया लोकार्पण
Gargachary Times
1 November 2026, 19:38
10 views
Firozabad
फिरोजाबाद / सिरसागंज को पर्यटन के मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में रविवार को बड़ा कदम उठाया गया। उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने ओंकारेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित समारोह में 6 करोड़ 45 लाख 58 हजार रुपये की लागत से विकसित वेद उपवन पार्क और जदुद्वारा स्थल का लोकार्पण किया। इसके साथ ही नगर पालिका परिषद सिरसागंज के 2 करोड़ 37 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया।पर्यटन विभाग द्वारा वेद उपवन पार्क का निर्माण 4 करोड़ 38 लाख 18 हजार रुपये तथा जदुद्वारा स्थल का विकास एवं सौंदर्यीकरण 2 करोड़ 7 लाख 40 हजार रुपये की लागत से कराया गया है। वेद उपवन पार्क को वेदों की थीम पर विकसित किया गया है, जहां भारतीय वैदिक संस्कृति और परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी।वहीं नगर पालिका परिषद द्वारा करहल रोड पर 1 करोड़ 38 लाख रुपये की लागत से डिजिटल लाइब्रेरी, 76 लाख रुपये से चिल्ड्रेन पार्क और 23 लाख रुपये की लागत से नगर पालिका परिसर में रिकॉर्ड रूम का निर्माण कराया जाएगा। डिजिटल लाइब्रेरी से विद्यार्थियों और युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद मिलेगी, जबकि चिल्ड्रेन पार्क बच्चों के लिए मनोरंजन एवं खेलकूद का बेहतर स्थान बनेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण एवं पर्यटन विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। पर्यटन स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध कराता है। उन्होंने कहा कि वेद उपवन पार्क आने वाले समय में सिरसागंज की विशिष्ट पहचान बनेगा।
जिलाधिकारी संतोष शर्मा ने कहा कि पर्यटन विकास से जनपद की सामाजिक और आर्थिक प्रगति को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता, संरक्षण और बेहतर रखरखाव में सहयोग करने की अपील की।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, नगर पालिका चेयरमैन रंजना गुरुदत्त सिंह, महेश मित्तल, राकेश मित्तल, रमाकांत गुप्ता, आदेश पोरवाल, जिला महामंत्री अजीत राजपूत, जिला उपाध्यक्ष बाले यादव, मातादीन धनगर, मनोज जैन होंडा, जिला पंचायत सदस्य राजीव राजपूत, हरविलास शर्मा, विजेंद्र सिंह बेबी, मोनू कुशवाह, ज्योति गुप्ता सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।