मेगा विधिक सहायता शिविर का आयोजन , लाभार्थियों को मिला सरकारी योजनाओं का लाभ
Gargachary Times
1 November 2026, 20:20
41 views
Mathura
ललित उपाध्याय, संवाददाता मथुरा।
प्रभारी जनपद न्यायाधीश अजय पाल सिंह ने किया शुभारंभ, दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल व श्रवण यंत्र किए वितरित
मथुरा में डैम्पियर नगर स्थित पांचजन्य प्रेक्षागृह में रविवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से 285 पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी जनपद न्यायाधीश अजय पाल सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया।
शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही पात्र लोगों की समस्याओं का समाधान कर उन्हें योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया। इस दौरान आपदा प्रभावितों, आयुष्मान कार्ड एवं मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के लाभार्थियों को सहायता प्रदान की गई। पात्र लोगों को आवास की चाबियां, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को प्रोत्साहन स्वरूप उपकरण एवं सहायता, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, पीएम स्वनिधि, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लाभार्थियों को सहायता तथा प्रशिक्षित लोगों को प्रमाण पत्र और श्रमिकों को श्रम कार्ड वितरित किए गए। दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल एवं श्रवण यंत्र भी प्रदान किए गए।
शिविर में जिला कारागार की ओर से विशेष स्टॉल लगाई गई, जिसमें बंदियों द्वारा निर्मित पोशाकें, धोती, गमछा एवं हर्बल गुलाल सहित अन्य उत्पाद प्रदर्शित किए गए। प्रभारी जनपद न्यायाधीश अजय पाल सिंह ने न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर विभागीय योजनाओं और लाभार्थियों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।
इस अवसर पर प्रभारी जनपद न्यायाधीश अजय पाल सिंह ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य गांव-गांव और शहर-शहर तक पहुंचकर लोगों को उनके अधिकारों, कानून एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी देना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे ऐसे शिविरों में अधिक से अधिक भाग लेकर सरकारी योजनाओं और निःशुल्क विधिक सेवाओं का लाभ उठाएं।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनीता सिंह ने कहा कि कोई भी व्यक्ति जानकारी के अभाव में अपने अधिकारों और न्याय से वंचित नहीं रहना चाहिए। प्राधिकरण का प्रयास है कि गरीब, कमजोर वर्ग, महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और श्रमिकों तक निःशुल्क विधिक सहायता पहुंचाई जाए।
कार्यक्रम का संचालन राहुल अग्रवाल, असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल ने किया। इस दौरान अपर जिला जज डॉ. पल्लवी अग्रवाल सहित अन्य न्यायिक अधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्र, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी, चिकित्सक, लीगल एड डिफेंस काउंसिल के सदस्य, पैनल अधिवक्ता, पराविधिक स्वयंसेवक तथा बड़ी संख्या में लाभार्थी एवं आमजन मौजूद रहे।