यातायात माह के तहत एनसीसी कैडेट्स को किया जागरूक, सड़क सुरक्षा के बताए नियम
Gargachary Times
3 November 2026, 20:23
52 views
Firozabad
फिरोजाबाद। यातायात माह नवंबर-2026 के अंतर्गत मंगलवार को टूंडला स्थित श्री राम सिंह कॉलेज में यातायात पुलिस की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छठवीं बटालियन एनसीसी के कैडेट्स को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा और यातायात संकेतों की विस्तृत जानकारी देकर जागरूक किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान यातायात पुलिस टीम ने कैडेट्स को सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों और उनसे बचाव के उपायों के बारे में बताया। उन्हें हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और यातायात संकेतों का पालन करने के महत्व से अवगत कराया गया।पुलिसकर्मियों ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर सड़क दुर्घटना का कारण बन सकती है। कैडेट्स को स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
फिरोजाबाद पुलिस ने आमजन से अपील की कि यातायात नियमों का पालन करें, स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।