Loading...

नाबालिग से दुष्कर्म और जानलेवा हमले के मामले में तीसरा आरोपी शिवांश गिरफ्तार

Gargachary Times 3 November 2026, 20:23 45 views
Firozabad
नाबालिग से दुष्कर्म और जानलेवा हमले के मामले में तीसरा आरोपी शिवांश गिरफ्तार
फिरोजाबाद। खैरगढ़ थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म और जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे तीसरे आरोपी शिवांश उर्फ आशिक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर खरगापुर मोड़ के पास से गिरफ्तार किया। इससे पहले इस मामले में दो आरोपी ऋषि और जगत को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस के अनुसार, 1 नवंबर 2026 को थाना खैरगढ़ क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की खेतों में घायल अवस्था में मिली थी। पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था। घटना के संबंध में पीड़िता के पिता की तहरीर पर थाना खैरगढ़ में मुकदमा संख्या 231/2026 धारा 109 और 137(2) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।विवेचना के दौरान पीड़िता के साथ दुष्कर्म किए जाने से संबंधित साक्ष्य मिलने पर मुकदमे में धारा 109(1), 70(2) बीएनएस तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5जी/6 की बढ़ोतरी की गई। पुलिस विवेचना में इस घटना में तीन आरोपियों के नाम प्रकाश में आए। पुलिस ने 2 नवंबर को ऋषि और जगत पुत्रगण इनाम सिंह निवासी ग्राम सकटू, थाना खैरगढ़ को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था। दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेज दिया गया था। वहीं तीसरे आरोपी शिवांश उर्फ आशिक पुत्र सोनेलाल निवासी ग्राम नावली, थाना खैरगढ़ की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए थाना खैरगढ़ पुलिस टीम ने मंगलवार को खरगापुर गांव के निकट खरगापुर मोड़ से आरोपी शिवांश उर्फ आशिक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार मिश्रा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नारायण दत्त तिवारी, उपनिरीक्षक घनश्याम सिंह, हेड मोहर्रिर क्राइम अजीत सिंह और कांस्टेबल भुवनेश्वर पटेल शामिल रहे।
Follow Samachar24