पर्यावरण संरक्षण के लिए 1 से 7 नवंबर तक मनाया जा रहा सतत जीवनशैली सप्ताह
Gargachary Times
3 November 2026, 20:24
49 views
Firozabad
फिरोजाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मिशन लाइफ (लाइफस्टाइल फॉर एनवायरनमेंट) से प्रेरित होकर जनपद में 1 से 7 नवंबर तक ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह मनाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना और पर्यावरण अनुकूल आदतों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना है। इसके तहत प्रत्येक दिन के लिए अलग-अलग थीम निर्धारित की गई है।
इस अभियान के तहत 1 नवंबर को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की थीम रखी गई। इसमें योग, साइकिल चलाने और वॉकथॉन जैसी गतिविधियों के माध्यम से शरीर और पर्यावरण को स्वस्थ रखने का संदेश दिया गया। 2 नवंबर को ऊर्जा संरक्षण दिवस के रूप में बिजली की बर्बादी रोकने, अनावश्यक लाइट और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बंद रखने, एयर कंडीशनर को 24 डिग्री सेंटीग्रेड पर चलाने और एलईडी बल्बों के उपयोग पर जोर दिया गया।3 नवंबर को जल संरक्षण की थीम के तहत पानी की प्रत्येक बूंद बचाने, वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने और पानी की लीकेज को तत्काल ठीक कराने का संदेश दिया जा रहा है। वहीं 4 नवंबर को सतत खाद्य प्रणाली को बढ़ावा देने के लिए भोजन की बर्बादी रोकने और पर्यावरण अनुकूल खानपान अपनाने के लिए जागरूक किया जाएगा।5 नवंबर को सिंगल यूज प्लास्टिक को ना कहने की थीम रखी गई है। इसके तहत बाजार जाते समय कपड़े का थैला इस्तेमाल करने और प्लास्टिक की डिस्पोजेबल बोतलों के स्थान पर स्टील एवं कांच की दोबारा इस्तेमाल होने वाली बोतलों को अपनाने की अपील की गई है। 6 नवंबर को ई-कचरे का उचित प्रबंधन और इलेक्ट्रॉनिक कचरे को कम करने पर जोर रहेगा।इसी क्रम में 7 नवंबर को अपशिष्ट को न्यूनतम करने की थीम के तहत कचरे का उचित निस्तारण और रीसाइक्लिंग को बढ़ावा दिया जाएगा। लोगों से घरों में गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा गीले कचरे से खाद बनाने की आदत अपनाने की अपील की गई है।जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने जनपद के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे प्रधानमंत्री के मिशन लाइफ के उद्देश्य को पूरा करने में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी पर्यावरण अनुकूल आदतों को अपनाकर न केवल पर्यावरण को स्वच्छ रखा जा सकता है, बल्कि अपने स्वास्थ्य को भी बेहतर बनाया जा सकता है।