Loading...

खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 2 हजार लीटर तेल सीज, 24 किलो मिठाई नष्ट

Gargachary Times 3 November 2026, 20:31 32 views
Firozabad
खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 2 हजार लीटर तेल सीज, 24 किलो मिठाई नष्ट
*फिरोजाबाद।* दीपावली के त्योहार पर खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जनपद में विशेष अभियान चलाते हुए छापेमारी की। मंगलवार को शिकोहाबाद, अशफाबाद और गाजीपुर-मटसेना रोड पर की गई कार्रवाई के दौरान विभागीय टीमों ने करीब दो हजार लीटर तेल सीज किया, जबकि 24 किलोग्राम मिठाई मौके पर नष्ट कराई। इसके साथ ही विभिन्न खाद्य पदार्थों के सात नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।शिकोहाबाद में दो हजार लीटर तेल सीज खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने एटा चौराहा शिकोहाबाद स्थित तेल के गोदाम पर निरीक्षण किया। टीम को देखकर गोदाम संचालक रामप्रकाश पुत्र विद्यराम ताला लगाकर मौके से फरार हो गया। इसकी जानकारी मिलने पर सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय चंदन पांडेय मौके पर पहुंचे और एसडीएम शिकोहाबाद राजेश शुक्ला से पुलिस बल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। इसके बाद एसडीएम और पुलिस बल की मौजूदगी में गोदाम का ताला खुलवाकर निरीक्षण किया गया। टीम ने अलग-अलग स्थानों पर रखे सरसों के तेल के तीन नमूने लिए। साथ ही करीब दो हजार लीटर तेल सीज कर दिया, जिसकी अनुमानित कीमत 3.50 लाख रुपये बताई गई है। विभागीय जांच में कारोबारी के पास खाद्य कारोबार का लाइसेंस नहीं होने की बात सामने आई। उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मिठाई कारखाने में 24 किलो मिठाई नष्ट अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की दूसरी टीम ने अशफाबाद स्थित अनिल कुमार पुत्र कृष्णा के मिठाई निर्माण कारखाने पर छापेमारी की। यहां से बेसन, बूंदी और लड्डू के तीन नमूने संग्रहित किए गए। इसके अलावा कारखाने में रखी करीब 24 किलोग्राम मिठाई, जिसकी अनुमानित कीमत पांच हजार रुपये बताई गई है, मौके पर ही नष्ट करा दी गई। नदान स्वीट हाउस से बर्फी का नमूना लिया विभाग की एक अन्य टीम ने गाजीपुर-मटसेना रोड स्थित नदान स्वीट हाउस का निरीक्षण किया। यहां से बर्फी का एक नमूना लेकर गुणवत्ता जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि त्योहार के दौरान आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार करने, मिलावट करने और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Follow Samachar24