Loading...

यातायात पुलिस ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति किया जागरूक, दिलाई शपथ

Gargachary Times 5 November 2026, 22:21 9 views
Firozabad
यातायात पुलिस ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति किया जागरूक, दिलाई शपथ
फिरोजाबाद। यातायात माह नवंबर-2026 के तहत सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए फिरोजाबाद पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में यातायात पुलिस टीम ने श्री रामस्वरूप मढावार शिशु निकेतन विद्यालय में छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी दी और सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई। कार्यक्रम के दौरान यातायात पुलिस कर्मियों ने विद्यार्थियों को बताया कि सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण यातायात नियमों की अनदेखी और वाहन चलाते समय लापरवाही बरतना है। यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों के जीवन की सुरक्षा के लिए भी जरूरी है। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को दोपहिया वाहन चलाते समय चालक और पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए हेलमेट का प्रयोग अनिवार्य होने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने की जानकारी दी। इसके साथ ही नाबालिगों को वाहन न चलाने देने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने और यातायात संकेतों का पालन करने के प्रति जागरूक किया। विद्यार्थियों को गलत दिशा में वाहन नहीं चलाने, सुरक्षित दूरी बनाए रखने, ओवरटेकिंग में सावधानी बरतने, एंबुलेंस एवं अग्निशमन वाहनों को रास्ता देने तथा जेब्रा क्रॉसिंग से सड़क पार करने के नियम भी बताए गए। वाहन के आवश्यक दस्तावेज साथ रखने और अनावश्यक हॉर्न बजाने से बचने की अपील की गई। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को यातायात नियमों का पालन करने और अपने परिवार, मित्रों तथा आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।अंत में यातायात पुलिस ने अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है।
Follow Samachar24