विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर डीएम-एसएसपी ने शिकोहाबाद मंडी समिति का किया निरीक्षण
Gargachary Times
5 November 2026, 22:22
6 views
Firozabad
फिरोजाबाद। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे तथा अपर जिलाधिकारी कल्पना जायसवाल ने शिकोहाबाद स्थित मंडी परिषद के प्रस्तावित मतदेय स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतदान दलों (पोलिंग पार्टी) की रवानगी के लिए निर्धारित स्थल, बसों एवं अन्य वाहनों की पार्किंग व्यवस्था, स्ट्रांग रूम, मतगणना स्थल तथा निर्वाचन कार्मिकों और सुरक्षा बलों के आवागमन से संबंधित लेआउट प्लान का जायजा लिया। इस दौरान निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान दलों के आगमन-प्रस्थान, निर्वाचन सामग्री के वितरण और मतगणना के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त कर ली जाएं। उन्होंने परिसर के सभी कक्षों, भवनों और बुनियादी सुविधाओं का भौतिक सत्यापन कर आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश भी दिए।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आगामी विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएंगी।