दीपावली को लेकर बलदेव पुलिस अलर्ट, बाजारों में की पैदल गश्त
Gargachary Times
5 November 2026, 22:25
8 views
Mathura
मथुरा। आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डीजीपी के निर्देशों के अनुपालन में बलदेव पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। इसी क्रम में सीओ महावन संजीव कुमार राय और थाना प्रभारी अभय शर्मा के नेतृत्व में पुलिस बल ने बलदेव कस्बे के प्रमुख बाजारों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों और आम नागरिकों से सीधा संवाद कर सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
त्योहारी सीजन में बाजारों और सराफा दुकानों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने ज्वैलर्स से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की। सीओ संजीव कुमार राय ने व्यापारियों को दुकानों के अंदर और बाहर उच्च क्षमता के सीसीटीवी कैमरे चालू रखने, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस को देने के निर्देश दिए।
वहीं, पैदल गश्त के दौरान मिशन शक्ति टीम ने बाजार में खरीदारी करने पहुंचीं महिलाओं और छात्राओं से संवाद कर उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। महिला पुलिसकर्मियों ने 1090 वीमेन पावर लाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा और 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की जानकारी दी। साथ ही बताया कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है और सादे कपड़ों में भी महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
थाना प्रभारी अभय शर्मा ने व्यापारियों और क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि दीपावली पर्व के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। बाजारों में लगातार पैदल गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग जारी रहेगी, जिससे आमजन सुरक्षित माहौल में निडर होकर त्योहार मना सकें।