Loading...

फिरोजाबाद में 18 नवंबर को होगा जनपद स्तरीय युवा उत्सव, पांच विधाओं में दिखेगी युवाओं की प्रतिभा 15 से 29 वर्ष तक के युवा कर सकेंगे प्रतिभाग

Gargachary Times 6 November 2026, 20:14 49 views
Firozabad
फिरोजाबाद में 18 नवंबर को होगा जनपद स्तरीय युवा उत्सव, पांच विधाओं में दिखेगी युवाओं की प्रतिभा 15 से 29 वर्ष तक के युवा कर सकेंगे प्रतिभाग
फिरोजाबाद। युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने और उनकी रचनात्मक एवं सांस्कृतिक क्षमताओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जनपद में 18 नवंबर को एक दिवसीय युवा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD)-2027 के कल्चरल ट्रैक (राष्ट्रीय युवा उत्सव) के अंतर्गत युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग द्वारा यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी ने बताया कि जनपद स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन 18 नवंबर 2026 को प्रातः 10 बजे से राजकीय हाईस्कूल, सिविल लाइन, फिरोजाबाद में होगा। इसमें 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा प्रतिभाग कर सकेंगे। आयु की गणना 17 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी। प्रतिभागी का फिरोजाबाद जनपद का निवासी अथवा यहां अध्ययनरत होना अनिवार्य है। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के युवा इसमें हिस्सा ले सकते हैं।उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता पांच विधाओं में आयोजित होगी। इनमें लोकनृत्य समूह, लोकगीत समूह, नुक्कड़ नाटक समूह, पेंटिंग और कविता लेखन शामिल हैं। लोकनृत्य, लोकगीत और नुक्कड़ नाटक के एक दल में अधिकतम 10 प्रतिभागी शामिल हो सकेंगे। लोकनृत्य और लोकगीत में अधिकतम तीन संगतकर्ता भी शामिल किए जा सकेंगे, जिनकी आयु 40 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। संगतकर्ताओं सहित कुल संख्या 10 से अधिक नहीं होगी। प्रतिभागियों के लिए माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है। एक प्रतिभागी केवल एक ही विधा में हिस्सा ले सकेगा। पूर्व वर्षों में कल्चरल ट्रैक की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर चुके युवा इस वर्ष पात्र नहीं होंगे। सभी विकास खंडों के साथ विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों और सरकारी एवं अर्द्धसरकारी शिक्षण संस्थानों के युवाओं को अवसर दिया जाएगा। प्रतियोगिताओं में लोकनृत्य और लोकगीत की प्रस्तुति 5 से 8 मिनट, नुक्कड़ नाटक अधिकतम 7 मिनट, पेंटिंग अधिकतम 6 घंटे तथा कविता लेखन अधिकतम 90 मिनट का होगा। कविता लेखन हिंदी अथवा अंग्रेजी भाषा में किया जा सकेगा। सभी विधाओं में निर्णायक समिति द्वारा निर्धारित मानकों के आधार पर 100 अंकों में मूल्यांकन किया जाएगा।कार्यक्रम में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। आयोजकों के अनुसार प्रतिभागियों में कम से कम 30 प्रतिशत युवतियों की भागीदारी अनिवार्य होगी। किसी भी धर्म, जाति, भाषा, वर्ग या राजनीतिक दल के संबंध में टिप्पणी अथवा प्रदर्शन की अनुमति नहीं होगी। फिल्मी गीत भी कार्यक्रम में शामिल नहीं किए जाएंगे। कलाकारों को अपने वाद्य यंत्र स्वयं लाने होंगे।प्रतिभागियों को विकासखंड से जनपद स्तर तक आने-जाने का किराया और भोजन विभागीय बजट से उपलब्ध कराया जाएगा। पंजीकरण के लिए प्रतिभागियों को हाईस्कूल प्रमाण पत्र, आधार कार्ड की छायाप्रति तथा निर्धारित प्रारूप में नाम, पिता का नाम, पता, जन्मतिथि, विधा, मोबाइल नंबर सहित अन्य आवश्यक विवरण उपलब्ध कराने होंगे।जिला युवा कल्याण अधिकारी ने जनपद के सभी विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों से अपील की है कि वे अपने यहां की प्रतिभावान युवा प्रतिभाओं को इस उत्सव में प्रतिभाग कराने के लिए प्रोत्साहित करें, जिससे उन्हें अपनी कला और प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल सके।
Follow Samachar24