कारागार में बंदी बना रहे दीपावली के लिए मोमबत्ती, दीपक और लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां
Gargachary Times
7 November 2026, 20:29
55 views
Mathura
ललित उपाध्याय, संवाददाता मथुरा।
20 बंदियों को दिया गया प्रशिक्षण, हुनर सीखकर समाज की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए हो रहे प्रेरित
मथुरा में दीपावली के पर्व को लेकर जिला कारागार मथुरा में विशेष तैयारियां की जा रही हैं। जेल अधीक्षक अंशुमन गर्ग के निर्देश पर कारागार में बंदियों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके हुनर को निखारने के उद्देश्य से विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। इसके तहत 20 बंदियों को मोमबत्ती बनाने, दीपक तैयार करने तथा भगवान लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों को सजाने का प्रशिक्षण कराया गया।
प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद बंदी स्वयं मोमबत्तियां, दीपक और लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां तैयार कर रहे हैं। वहीं दीपावली के मद्देनजर कारागार के प्रत्येक स्थल पर विशेष साफ-सफाई भी कराई गई है। इन गतिविधियों से बंदियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
जेल अधीक्षक अंशुमन गर्ग का उद्देश्य बंदियों को रचनात्मक कार्यों से जोड़कर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है, ताकि वे कारागार से बाहर निकलने के बाद अपराध की दुनिया को छोड़कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें और सम्मानजनक जीवन जी सकें। दीपावली के अवसर पर कारागार में बंदियों द्वारा तैयार की जा रही सामग्री उनके हुनर, मेहनत और नई सोच का उदाहरण बन रही है।