मिस्र में भीषण रेल हादसा, दो ट्रेनें टकराईं; 7 की मौत, 125 घायल
Gargachary Times
9 November 2026, 19:48
53 views
International
मिस्र में रविवार को दो यात्री ट्रेनें टकरा गईं। इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 7 हो गई है। इसके पहले 4 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई थी। ट्रेन हादसे में करीब 125 लोग घायल हुए हैं। टक्कर के बाद कई डिब्बे पटरी से उतर गए।
हादसा राजधानी काहिरा से करीब 76 किलोमीटर दूर गीजा प्रांत में हुआ। राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ने हादसे के बाद जांच के आदेश दिए हैं। मिस्र में बीते 25 साल में 9 बड़े रेल हादसे हुए हैं।
मिस्र के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रेलवे अथॉरिटी ने बताया कि एक ट्रेन गीजा से फयूम जा रही थी। दूसरी ट्रेन काहिरा से असवान जा रही थी। इसी दौरान गीजा से आ रही ट्रेन ने दूसरी ट्रेन को पीछे से टक्कर मार दी। मरने वालों में ट्रेन का ड्राइवर भी शामिल है।
हादसे के बाद रेलवे ट्रैक पर डिब्बे पटरी से उतर गए। इसके चलते रेल सेवा भी प्रभावित हुई। मौके पर राहत और बचाव दल पहुंचा। ट्रैक से टूटे डिब्बों और मलबे को हटाने के लिए क्रेन बुलाई गईं, ताकि ट्रेनें फिर से चल सकें।
मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ने हादसे पर चिंता जताई। उन्होंने कहा है कि जांच में जो भी लापरवाही का दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
रेलवे अथॉरिटी ने भी हादसे की वजह जानने के लिए जांच शुरू कर दी है। हालांकि, अभी यह पता नहीं चला है कि दोनों ट्रेनें आपस में कैसे टकराईं। रेलवे ट्रैक से मलबा हटाने का काम जारी है।