Loading...

गोवर्धन पूजा पर जिलाधिकारी ने किया गोवंश पूजन, गौशालाओं की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

Gargachary Times 10 November 2026, 20:32 41 views
Firozabad
गोवर्धन पूजा पर जिलाधिकारी ने किया गोवंश पूजन, गौशालाओं की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
फिरोजाबाद। गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर जनपद की सभी गौशालाओं में गोवंश पूजन एवं विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में नगर पालिका परिषद शिकोहाबाद द्वारा संचालित गौशाला में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ पहुंचकर विधि-विधान से गोवंश का पूजन किया। इस दौरान उन्होंने गौशाला की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर गोवंश के संरक्षण और बेहतर देखभाल के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि गोवर्धन पूजा के अवसर पर जनपद की प्रत्येक गौशाला में अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में गोवंश का पूजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य गौशालाओं को जनसामान्य से जोड़ना और गोवंश संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता एवं जनसहभागिता बढ़ाना है।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गौशालाओं में साफ-सफाई और स्वच्छता की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गोवंश के खान-पान के लिए पर्याप्त मात्रा में चारा एवं भूसे की उपलब्धता रखी जाए। साथ ही बीमार गोवंश के उपचार के लिए आवश्यक दवाओं और पशु चिकित्सा सुविधाओं का समुचित प्रबंध किया जाए। आगामी शीत ऋतु को देखते हुए जिलाधिकारी ने गोवंश को ठंड से बचाने के लिए विशेष इंतजाम करने पर भी जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि गौशालाओं में गोवंश की देखभाल में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। प्रशासन का उद्देश्य जनपद की सभी गौशालाओं का बेहतर संचालन सुनिश्चित करने के साथ गोवंश को सुरक्षित, स्वच्छ और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना है।
Follow Samachar24