कुलगाम में आतंकियों का तांडव, CRPF जवानों पर 30 राउंड फायरिंग, 3 घायल
Gargachary Times
11 November 2026, 20:53
52 views
Delhi
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार दोपहर बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने CRPF के अखरान कैंप में नाका ड्यूटी पर तैनात जवानों पर फायरिंग कर दी।
आतंकी हमले का CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें हमलावर 15 सेकेंड के अंदर करीब 30 राउंड फायरिंग करते नजर आ रहे हैं।
घटना करीब 2:15 बजे की है। इसमें तीन जवान घायल हो गए। उन्हें अनंतनाग के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल जवानों की पहचान हेड कॉन्स्टेबल सोमवीर और कॉन्स्टेबल संतानो और राकेश दास के तौर पर हुई है। तीनों CRPF की 46वीं बटालियन में तैनात हैं।
एक जवान के पैर, दूसरे के हाथ और तीसरे की पीठ में गोली लगी है। फायरिंग के बाद हमलावर फरार हो गए। सुरक्षाबलों ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
हमले को लेकर गृह मंत्रालय में एक हाईलेवल मीटिंग चल रही है, जहां CRPF के डीजी अधिकारियों को जरूरी जानकारी दे रहे हैं।
हमले का CCTV फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में काफी अंधेरा है। इसमें कुछ सेकेंड तक जवान इधर-उधर जाते दिखाई देते हैं। तभी अचानक गोलियां चलने और चीखने की आवाज आती है। वीडियो में एक जवान चिल्लाते हुए कहता सुनाई देता है, 'इधर आ, जल्दी आ, गोली चल रही है।' इसके बाद फिर लगातार गोलियां चलने लगती हैं।