ताजमहल में शौचालय में घुसा 5 फुट लंबा अजगर, पर्यटकों में मचा हड़कंप
Gargachary Times
12 November 2026, 16:23
31 views
Mathura
फरह। आगरा दुनिया के सात अजूबों में शामिल ताजमहल में एक ऐसा मेहमान पहुंच गया, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। त्योहारी सीजन में पर्यटकों की भारी भीड़ के बीच स्मारक के पूर्वी गेट के पास CISF कर्मियों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले शौचालय में लगभग पांच फुट लंबा इंडियन रॉक पायथन यानी अजगर देखा गया। अजगर को देखते ही वहां हड़कंप मच गया। हालांकि समझदारी और सूझबूझ से इस पूरे मामले को संभाल लिया गया और अजगर को सुरक्षित बचा लिया गया।
सबसे पहले अजगर को CISF के जवानों ने देखा। उन्होंने बिना देर किए इसकी सूचना भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के अधिकारियों को दी। अधिकारियों ने तुरंत वाइल्डलाइफ एसओएस की इमरजेंसी रेस्क्यू हेल्पलाइन (+91 9917109666) पर संपर्क किया। सूचना मिलते ही वाइल्डलाइफ एसओएस की दो सदस्यीय रैपिड रिस्पॉन्स यूनिट तुरंत मौके पर पहुंच गई।
टीम के पहुंचने तक वहां पर्यटकों की काफी भीड़ जमा हो गई थी। टीम ने सबसे पहले लोगों को सुरक्षित दूरी पर किया, फिर बेहद सावधानी के साथ शौचालय से अजगर को बाहर निकाला। इस दौरान इस बात का पूरा ध्यान रखा गया कि अजगर को कोई चोट न पहुंचे और वहां मौजूद लोगों को भी कोई खतरा न हो। बचाव के बाद अजगर को कुछ घंटों तक निगरानी में रखा गया और बाद में उसे उसके अनुकूल प्राकृतिक आवास में सुरक्षित रूप से छोड़ दिया गया।
वाइल्डलाइफ एसओएस के कंजर्वेशन प्रोजेक्ट्स के डायरेक्टर और हर्पेटोलॉजिस्ट बैजू राज एम.वी. ने बताया कि इंडियन रॉक पायथन बिना जहर वाली प्रजाति है, जो पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने में अहम भूमिका निभाती है। बड़े आकार के बावजूद ये शर्मीले होते हैं और इंसानों से दूर रहना पसंद करते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि सांप दिखने पर घबराएं नहीं, सुरक्षित दूरी बनाए रखें और खुद पकड़ने की कोशिश न करें, बल्कि प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचित करें।
वाइल्डलाइफ एसओएस की सह-संस्थापक और सचिव गीता शेषमणि ने कहा कि वन्यजीवों से सामना ताजमहल जैसी विश्व धरोहर में भी हो सकता है। यह घटना याद दिलाती है कि वन्यजीव हमारे साझा पर्यावरण का हिस्सा हैं। उन्होंने CISF और ASI अधिकारियों की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
बता दें, इंडियन रॉक पायथन भारतीय उपमहाद्वीप की सबसे बड़ी सांप प्रजातियों में से एक है। यह IUCN रेड लिस्ट में नियर थ्रेटन्ड श्रेणी में है और वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची-I में शामिल है, जिसके तहत इसे उच्चतम कानूनी संरक्षण प्राप्त है।