नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने सिटी जोन कार्यालय का किया औचक निरीक्षण
Gargachary Times
12 November 2026, 16:48
3 views
Mathura
ललित उपाध्याय, संवाददाता मथुरा।
नगर निगम में कार्यप्रणाली को दुरुस्त करने और जनशिकायतों के समयबद्ध निस्तारण को लेकर नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने गुरुवार को जनरल गंज स्थित सिटी जोन कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जन्म-मृत्यु कार्यालय और जलकल विभाग में कई अनियमितताएं सामने आईं। इस पर नगर आयुक्त ने लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ वेतन कटौती, नोटिस और सेवा से बर्खास्तगी तक की कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जन्म-मृत्यु कार्यालय में कंप्यूटर ऑपरेटर बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित मिले। इस पर नगर आयुक्त ने संबंधित कर्मचारियों का 12 नवंबर का वेतन काटने और नवंबर माह का वेतन बाधित करने के निर्देश दिए। वहीं, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया और निर्धारित समय-सीमा के संबंध में जानकारी मांगे जाने पर उपस्थित लिपिक संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। कार्यालय में कुछ अनाधिकृत व्यक्तियों की मौजूदगी भी मिली। इस पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए संबंधित लिपिक को नोटिस जारी करने और नवंबर माह का वेतन बाधित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद जलकल कार्यालय में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त जनशिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की गई। शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने की जानकारी मिलने पर नगर आयुक्त ने स्वयं शिकायतकर्ता से मोबाइल पर बात कर स्थिति जानी। शिकायतकर्ता ने अब तक कार्रवाई नहीं होने की बात कही। इस पर कंप्यूटर ऑपरेटर रवि कुमार को नोटिस जारी करने और सभी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान उपस्थिति रजिस्टर में भी गंभीर अनियमितता सामने आई। केजेएल कंपनी का कर्मचारी कान्हा अनुपस्थित था, जबकि उसकी उपस्थिति भीमसेन द्वारा दर्ज की गई थी। इस मामले में नगर आयुक्त ने दोनों कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त करने और संबंधित कंपनी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
वहीं, प्रकाश विभाग में तैनात ड्राइवर ओमवीर सिंह पर पुलिसकर्मी के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करने और असभ्य व्यवहार करने की शिकायत मिलने पर नगर आयुक्त ने उसे सेवा से हटाने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने स्पष्ट किया कि नगर निगम में अनुशासनहीनता, कार्यों में लापरवाही और जनशिकायतों के निस्तारण में ढिलाई किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी और कर्मचारी पारदर्शिता एवं ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, अन्यथा संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।