असम में भीषण सड़क हादसा: बस-ट्रक की टक्कर में 23 की मौत, ज्यादातर छात्र; बस के 12 चालान थे लंबित
Gargachary Times
13 November 2026, 18:07
29 views
Delhi
असम के काजीरंगा में शुक्रवार को एक तेज रफ्तार मिनी बस और कंटेनर ट्रक में आमने-सामने टक्कर हो गई।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसे में 23 लोगों की मौत हो गई। हालांकि, न्यूज एजेंसी PTI ने 12 मौतों की पुष्टि की है। मरने वालों में ज्यादातर स्टूडेंट्स हैं।
टक्कर के बाद मिनी बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कई यात्री बस के अंदर फंस गए। रेस्क्यू टीम ने बस काटकर शवों को बाहर निकाला। बस में कुल कितने लोग सवार थे, इसकी जानकारी अभी नहीं आई है।
लोकल मीडिया के मुताबिक, हादसे का शिकार हुई गाड़ी के 12 चालान कट चुके थे। इनमें से 38,500 रुपए का जुर्माना भरा जा चुका था, जबकि 4,000 रुपए का एक चालान अब भी बकाया था। कमर्शियल गाड़ी की ओवरस्पीडिंग पर यह जुर्माना लगता है।
गोलाघाट के एसएसपी स्वप्निल डेका ने पीटीआई को बताया कि मिनी बस बोकाखाट से नगांव जा रही थी। बस तेज रफ्तार में थी। शुरुआती जांच के मुताबिक, ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद बस सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से टकरा गई।
हादसे के बाद घायलों को कोहोरा मॉडल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को जोरहाट मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।