Loading...

सिरसागंज में युवक की हत्या का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

Gargachary Times 13 November 2026, 21:21 34 views
Firozabad
सिरसागंज में युवक की हत्या का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
फिरोजाबाद। सिरसागंज थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में वांछित आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। अहमदपुर बंबा के पास चेकिंग के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को थाना सिरसागंज क्षेत्र में एक अज्ञात युवक का शव मिला था। बाद में मृतक की पहचान फईम अहमद पुत्र बाबू निवासी मोहल्ला तिगरी, वार्ड नंबर सात, थाना एवं कस्बा शीशगढ़, जनपद बरेली के रूप में हुई थी। मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना सिरसागंज में मुकदमा संख्या 572/26 धारा 103(1) और 238 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे और नामजद वांछित आरोपी की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया था। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी आमिर उर्फ सलमान खान घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और अन्य सामान छिपाने की फिराक में जा रहा है। सूचना पर सिरसागंज पुलिस ने नगला छोटे से शिकोहाबाद जाने वाली सड़क पर चेकिंग शुरू कर दी। अहमदपुर बंबा के पास पुलिस को एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी की पहचान आमिर उर्फ सलमान खान पुत्र असमुद्दीन खान निवासी अहमदपुर, थाना सिरसागंज के रूप में हुई।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल नंबर यूपी 83 एएन 4291, एक सूजा (आलाकत्ल), घटना के दौरान पहने गए रक्तरंजित कपड़े, मृतक का क्षतिग्रस्त ओप्पो मोबाइल और पर्स बरामद किया है। पर्स में मृतक का आधार कार्ड, आधार कार्ड की छायाप्रति और चार फोटो मिले हैं। इसके अलावा एक अवैध तमंचा 315 बोर, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। मुठभेड़ एवं गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह, उपनिरीक्षक वीरेंद्र कुमार, रविशंकर निषाद सहित सात पुलिसकर्मी शामिल रहे।
Follow Samachar24