Loading...

फिरोजाबाद की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में हुई निर्वाचन आयोग की निबंध एवं क्विज प्रतियोगिताएं

Gargachary Times 13 November 2026, 21:22 36 views
Firozabad
फिरोजाबाद की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में हुई निर्वाचन आयोग की निबंध एवं क्विज प्रतियोगिताएं
फिरोजाबाद। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता साक्षरता क्लब (ELC 2.0) के अंतर्गत जनपद की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में विधानसभा स्तरीय निबंध एवं प्रश्नोत्तरी (क्विज) प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं का संचालन अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी कल्पना जायसवाल तथा जिला विद्यालय निरीक्षक मुदिता पाण्डेय के निर्देशन में किया गया। प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, निर्वाचन प्रक्रिया, शुद्ध मतदाता सूची के महत्व तथा मतदान के प्रति जागरूकता और सहभागिता की भावना विकसित करना है। जनपद की फिरोजाबाद विधानसभा क्षेत्र की प्रतियोगिता डीएवी इंटर कॉलेज में आयोजित हुई। यहां उप जिलाधिकारी सदर एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी सुदर्शन कुमार, ईएलसी सहायक नोडल अधिकारी डॉ. हिमांशु शर्मा तथा प्रधानाचार्य डॉ. उपेंद्र नाथ शर्मा के संयोजन में प्रतियोगिताएं संपन्न हुईं। टूंडला विधानसभा क्षेत्र की प्रतियोगिता ठाकुर बीरी सिंह इंटर कॉलेज में उप जिलाधिकारी दिव्या सिंह एवं प्रधानाचार्य आरएम पेगोरिया के निर्देशन में हुई। शिकोहाबाद विधानसभा क्षेत्र की प्रतियोगिता बीडीएम गर्ल्स इंटर कॉलेज में उप जिलाधिकारी राजेश शुक्ला एवं प्रधानाचार्या नीरा माथुर के संयोजन में संपन्न हुई। जसराना विधानसभा क्षेत्र की प्रतियोगिता एलएलआर इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य सत्यपाल सिंह तथा सिरसागंज विधानसभा क्षेत्र की प्रतियोगिता एमडी जैन इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य नीरज जैन के संयोजन में आयोजित की गई। निर्वाचन आयोग की इस पहल के तहत प्रतियोगिताएं तीन चरणों में आयोजित की जा रही हैं। प्रथम चरण में विभिन्न विद्यालयों में प्रतियोगिताएं कराकर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन किया गया था। दूसरे चरण में चयनित विद्यार्थियों ने विधानसभा स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया। अब तीसरे चरण में जिला मुख्यालय पर जनपद स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित होगी, जिसमें विधानसभा स्तर पर चयनित विद्यार्थी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। इस अवसर पर एसडीएम सदर सुदर्शन कुमार ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती जागरूक एवं जिम्मेदार मतदाताओं पर निर्भर करती है। विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी देना और उन्हें लोकतांत्रिक व्यवस्था से जोड़ना सराहनीय पहल है। ईएलसी सहायक नोडल अधिकारी डॉ. हिमांशु शर्मा ने कहा कि इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदाता पंजीकरण, शुद्ध मतदाता सूची और मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है। इसका उद्देश्य उन्हें भविष्य का जागरूक एवं जिम्मेदार मतदाता बनाना है। प्रधानाचार्य डॉ. उपेंद्र नाथ शर्मा ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है। प्रतियोगिताएं उनकी बौद्धिक क्षमता, तर्कशक्ति एवं लोकतांत्रिक समझ विकसित करने में सहायक हैं। प्रतियोगिताओं के समापन पर प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। डीएवी इंटर कॉलेज में एसडीएम सदर सुदर्शन कुमार, प्रधानाचार्य डॉ. उपेंद्र नाथ शर्मा एवं डॉ. हिमांशु शर्मा ने विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र वितरित किए। इस केंद्र पर निर्णायक मंडल में डॉ. दीप चंद्र अग्रवाल, अवनीश कुमार एवं पंकज दीक्षित शामिल रहे। कार्यक्रम में संजू लता शर्मा, देश दीपक शर्मा, सुनील कुमार, सतीश चंद्र, अश्वनी कुमार सलोनिया, राजेश शर्मा, संतोष कुमार, पंकज कुमार, तबस्सुम, वंदना यादव, सुरभि राठौर, रेनू यादव, लीना सिंह, धीरेन्द्र कुमार एवं शशिकांत सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे। अधिकारियों एवं आयोजकों ने प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन पर सभी प्रधानाचार्यों, ईएलसी नोडल शिक्षकों, निर्णायकों एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों के योगदान की सराहना की।
Follow Samachar24