खेत बचाओ अभियान के तहत फिरोजाबाद में भव्य किसान मेला, एक हजार किसानों ने किया प्रतिभाग
Gargachary Times
13 November 2026, 21:23
44 views
Firozabad
फिरोजाबाद। भाकृअनुप–भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (ICAR-IARI), नई दिल्ली एवं जनपद कृषि विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ‘खेत बचाओ अभियान’ के अंतर्गत उद्यान विभाग परिसर में भव्य किसान मेले का आयोजन किया गया। मेले में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से करीब एक हजार किसानों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान किसानों को मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, संतुलित पोषण प्रबंधन, किण्वित जैविक खाद (FOM) के उपयोग और जलवायु अनुकूल कृषि तकनीकों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य ने किया। इस अवसर पर उप कृषि निदेशक सत्येंद्र प्रताप सिंह, जिला कृषि अधिकारी सुमित चौहान सहित कृषि वैज्ञानिक एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि मिट्टी की उर्वरता और उत्पादक क्षमता को बनाए रखना हम सभी का नैतिक दायित्व है। रासायनिक उर्वरकों के असंतुलित एवं अत्यधिक उपयोग से मृदा स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। किसानों को जैविक संसाधनों के उपयोग, संतुलित उर्वरक प्रबंधन और टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाना चाहिए। स्वस्थ मिट्टी ही बेहतर कृषि उत्पादन और खाद्य सुरक्षा का आधार है। उन्होंने किसानों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने तथा वैज्ञानिक तकनीकों के माध्यम से उत्पादन लागत कम कर आय बढ़ाने की अपील की।मुख्य विकास अधिकारी ने कृषि क्षेत्र में नवाचार, संसाधन संरक्षण और आधुनिक तकनीकों के प्रसार पर जोर दिया। वहीं, ICAR-IARI के सस्य विज्ञान संभाग के अध्यक्ष एवं परियोजना संयोजक डॉ. संजय सिंह राठौर ने बताया कि मारुति सुजुकी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के वित्तीय सहयोग से संचालित परियोजना का उद्देश्य किण्वित जैविक खाद (FOM) का वैज्ञानिक मूल्यांकन और किसानों के बीच इसका प्रचार-प्रसार करना है। इसके उपयोग से मृदा स्वास्थ्य, फसल उत्पादकता और पोषक तत्वों की उपयोग दक्षता में सुधार लाने का प्रयास किया जा रहा है।
ICAR-IARI के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. ऋषि राज ने मृदा स्वास्थ्य, संतुलित पोषण प्रबंधन एवं किण्वित जैविक खाद के महत्व पर तकनीकी जानकारी दी। उन्होंने किसानों को मृदा परीक्षण के आधार पर उर्वरकों का उपयोग करने और जैविक एवं अकार्बनिक पोषक स्रोतों का संतुलित प्रयोग करने की सलाह दी। कृषि विज्ञान केंद्र के डॉ. विनोद प्रकाश एवं कृषि अर्थशास्त्र विभाग की डॉ. सुभी पटेल ने जलवायु परिवर्तन के कृषि पर पड़ने वाले प्रभावों तथा जलवायु अनुकूल खेती के तरीकों की जानकारी दी।
मेले में कृषि, उद्यान, वानिकी एवं पशुपालन विभाग सहित विभिन्न विभागों ने प्रदर्शनी स्टॉल लगाए। इनमें उन्नत बीज, जैविक उत्पाद, आधुनिक कृषि उपकरण और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।इस दौरान प्रगतिशील किसान बलराम एवं छोटेलाल को ट्रैक्टर की चाबियां प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं शेर सिंह यादव, सर्वेश सिंह बघेल, हरिशंकर यादव एवं विपिन कुमार को अग्रिम पंक्ति प्रदर्शन (FLD) के अंतर्गत लाभान्वित किया गया। बाबूराम, रामसनेही, डूमर सिंह एवं हाकिम सिंह को सरसों की मिनी किट वितरित की गईं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में ICAR-IARI की परियोजना टीम के डॉ. राजीव कुमार सिंह, डॉ. कपिला शेखावत, डॉ. आंचल, डॉ. सुभाष, डॉ. प्रवीण कुमार उपाध्याय, डॉ. विशाल त्यागी, डॉ. मोना, डॉ. अर्जुन सिंह एवं डॉ. स्मृति रंजन प्रधान सहित मुकेश कुमार यादव, हरीश कुमार, शोधार्थियों, स्वयंसेवकों एवं कृषि विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा।समापन पर प्रगतिशील किसानों को सम्मानित करने के बाद सहभोज का आयोजन किया गया। किसान मेले के माध्यम से किसानों, कृषि वैज्ञानिकों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच सीधा संवाद स्थापित हुआ तथा टिकाऊ एवं वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।