Loading...

भव्य कलश शोभायात्रा में उमड़ा श्रद्धा और भक्ति का सैलाब, पुष्पवर्षा एवं मंगल ध्वनियों के बीच बाजारों में गूंजे राधे-राधे के जयकारे

Gargachary Times 14 November 2026, 21:59 38 views
Dharam
भव्य कलश शोभायात्रा में उमड़ा श्रद्धा और भक्ति का सैलाब, पुष्पवर्षा एवं मंगल ध्वनियों के बीच बाजारों में गूंजे राधे-राधे के जयकारे
बलदेव। धर्म, भक्ति, आस्था और आध्यात्मिक चेतना की पावन त्रिवेणी प्रवाहित करने के संकल्प के साथ श्री राधारानी संकीर्तन मण्डल एवं अग्रवाल समाज संगठन, बलदेव क्षेत्र के संयुक्त तत्वावधान में 14 नवम्बर से 21 नवम्बर 2026 तक आयोजित होने वाले श्री ब्रज चौरासी कोस कथा एवं दिव्य रासलीला महोत्सव का आज अत्यंत श्रद्धा, उल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में भव्य शुभारंभ हुआ। महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर पद्मभूषण वात्सल्यमूर्ति साध्वी दीदी मां ऋतंभरा जी की कृपापात्र शिष्या महामंडलेश्वर साध्वी सत्यप्रिया गिरी जी की पावन उपस्थिति में नगर में भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में हजारों की संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर पूरे नगर को राधामय एवं कृष्णमय बना दिया। नगर के प्रमुख बाजारों से होकर निकली शोभायात्रा का दृश्य अत्यंत मनोहारी एवं भावविभोर कर देने वाला था। रथ पर विराजमान राधा-कृष्ण के बाल स्वरूप की मनमोहक युगल छवि के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। बाजारों में जगह-जगह भागवत जी एवं कथा व्यास महामंडलेश्वर साध्वी सत्यप्रिया गिरी जी का श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों द्वारा फूलमालाओं, पटका एवं आरती से आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया गया। स्वागत के दौरान श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर अपनी श्रद्धा और भक्ति अर्पित की। कहीं आरती की पवित्र ज्योति जगमगा रही थी, तो कहीं ढोल-नगाड़ों, शंखनाद एवं मंगल ध्वनियों के बीच भक्तजन भक्ति भाव से झूमते और नृत्य करते दिखाई दिए। चारों ओर गूंजते 'राधे-राधे' एवं 'जय श्रीकृष्ण' के जयघोषों ने वातावरण को अलौकिक बना दिया। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो स्वयं ब्रजधाम की दिव्यता बलदेव की धरती पर साकार हो उठी हो और समूचा नगर भक्ति के रंग में सराबोर हो गया हो। शोभायात्रा के दौरान उमड़ा जनसमूह, श्रद्धालुओं का उत्साह, पुष्पों की वर्षा और मंगल गीतों की मधुर स्वर लहरियां इस बात का सजीव प्रमाण थीं कि ब्रजभूमि की रज में आज भी राधा-कृष्ण के प्रति अगाध प्रेम, अटूट आस्था और सनातन संस्कृति की गहरी जड़ें विद्यमान हैं। आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि 21 नवम्बर तक चलने वाले इस आध्यात्मिक महोत्सव में श्री ब्रज चौरासी कोस की महिमा, भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं एवं भक्ति के विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन होगा। साथ ही प्रतिदिन दिव्य रासलीला के माध्यम से श्रद्धालुओं को ब्रज की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा से जुड़ने का सौभाग्य प्राप्त होगा। इस अवसर पर संजीव अग्रवाल, बनवारी लाल गर्ग, सुरेश चंद्र अग्रवाल, उमेश अग्रवाल, सुनील गर्ग, विकास अग्रवाल, छैलबिहारी गोयल, सुदीप बांसल, राकेश गर्ग, राजीव अग्रवाल, डॉ. दिलीप शर्मा, डॉ. जगदीश पाठक, दुर्गेश अग्रवाल, राज कुमार सोनी, बृजेश व्यास, अवध तेहरिया, सोनू भैया, अविनाश, नियांश्री चंद्र अग्रवाल, सुनील गोयल, करन कटारा, मनोज बंसल, पवन गोयल, सोनू भैया, बसंत बंसल, उमेश बंसल, अजय सिंघल, कन्हैया अग्रवाल, माधव अग्रवाल, रिंकू सोनी, सुभाष अग्रवाल, नीटू सोनी, धर्मेंद्र उपाध्याय, अजय अग्रवाल, जितेंद्र गर्ग, तनु अग्रवाल, अनिल अग्रवाल, गिरधारी अग्रवाल, विपिन गोयल, देवकीनंदन गर्ग, सुधीर अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं धर्मप्रेमी बंधु उपस्थित रहे। अंत में आयोजन समिति ने क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से सपरिवार इस पावन आध्यात्मिक महोत्सव में सम्मिलित होकर श्रीमद्भागवत कथा का रसपान करने तथा दिव्य रासलीला के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित करने की भावपूर्ण अपील की है।
Follow Samachar24