Loading...

यातायात पुलिस ने चलाया विशेष अभियान, 839 वाहनों के काटे चालान

Gargachary Times 14 November 2026, 22:10 33 views
Firozabad
यातायात पुलिस ने चलाया विशेष अभियान, 839 वाहनों के काटे चालान
फिरोजाबाद। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस द्वारा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी यातायात के नेतृत्व में शनिवार को चलाए गए अभियान के दौरान कुल 839 वाहनों के चालान कर जुर्माना अधिरोपित किया गया। अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने ऑटो, ई-रिक्शा और अन्य वाहनों की जांच की। इस दौरान क्षमता से अधिक सवारियां बैठाकर चलने वाले ऑटो, ई-रिक्शा में साउंड स्पीकर लगाकर तेज आवाज में चलाने वाले वाहन चालकों तथा ओवरस्पीड वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा स्टंट और तेज गति से बाइक चलाने वाले चालकों पर भी शिकंजा कसा गया। यातायात पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान ऑटो और ई-रिक्शा के विरुद्ध 48 चालान किए गए। क्षमता से अधिक सवारी बैठाने वाले ऑटो के 50, साउंड स्पीकर लगाकर संचालित किए जा रहे ई-रिक्शा के 43 तथा ओवरस्पीड वाहन चलाने वालों के 58 चालान किए गए। वहीं स्टंट और तेज गति से बाइक चलाने वाले 7 वाहन चालकों के चालान किए गए। इसके अलावा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 633 वाहन चालकों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई।पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की। साथ ही ऑटो और ई-रिक्शा में निर्धारित क्षमता के अनुसार ही सवारियां बैठाने की हिदायत दी। फिरोजाबाद पुलिस ने कहा कि यातायात नियमों का पालन स्वयं के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा के लिए भी जरूरी है। सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी वाहन चालक नियमों का पालन करें।
Follow Samachar24