Loading...

वात्सल्य ग्राम में 333 मरीजों के हुए सफल मोतियाबिंद ऑपरेशन

Gargachary Times 15 November 2026, 20:39 30 views
Mathura
वात्सल्य ग्राम में 333 मरीजों के हुए सफल मोतियाबिंद ऑपरेशन
वृंदावन। वात्सल्य ग्राम स्थित प्रेमवती गुप्ता नेत्र चिकित्सालय में आयोजित दो दिवसीय नि:शुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का चश्मा एवं औषधि वितरण के साथ समापन हुआ। गजानन्द गुप्ता चैरिटेबल ट्रस्ट, मुंबई के चेयरमैन जय कुमार गुप्ता के आयोजन में लगे इस शिविर में मुंबई से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने 333 मोतियाबिंद रोगियों के सफल ऑपरेशन किए। इनमें नाखूना के चार ऑपरेशन भी शामिल रहे। शिविर में अलीगढ़, आगरा, फर्रुखाबाद, एटा, कासगंज, कायमगंज, बदायूं, संभल, हाथरस, फिरोजाबाद और भरतपुर सहित करीब डेढ़ दर्जन क्षेत्रों से 400 मरीजों ने पंजीकरण कराया। इनमें से 333 मरीजों को ऑपरेशन का लाभ मिला। शिविर में मुंबई से आए नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. श्याम अग्रवाल, डॉ. विशाल राठौर, डॉ. मयूर अग्रवाल, डॉ. राहुल जैन, डॉ. आरती वाहुवा, डॉ. अनुज वाहुवा, डॉ. जुगल शाह, डॉ. आनंद जयपुरिया, डॉ. सौरभ रामुका एवं विशाल उप्पल ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इस अवसर पर डॉ. श्याम अग्रवाल ने कहा कि आंखें ईश्वर का दिया हुआ अनमोल उपहार हैं। दृष्टि ही हमारे जीवन को रोशन करती है, इसलिए आंखों की देखभाल को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने बताया कि दीदी मां साध्वी ऋतंभरा के अंधता निवारण के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से वात्सल्य ग्राम में प्रतिवर्ष छह नि:शुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर आयोजित किए जाते हैं। पिछले 18 वर्षों से यह सेवा निरंतर जारी है, जिसके माध्यम से उत्तर प्रदेश सहित आसपास के क्षेत्रों के हजारों लोग लाभान्वित हो चुके हैं। शिविर में मरीजों के साथ आने वाले तीमारदारों के रहने और भोजन की व्यवस्था भी नि:शुल्क की जाती है। स्वामी गोविन्दानंद ने कहा कि मनुष्य की जैसी दृष्टि होती है, वैसा ही उसका दृष्टिकोण बनता है। जब हमारी दृष्टि और दृष्टिकोण में शुभता एवं शुचिता आती है, तभी जीवन का कल्याण संभव होता है। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री रविकांत गर्ग, स्वामी राधाप्रसाद देवजू, मोहिनी शरण एवं महेश खंडेलवाल ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर साध्वी सत्य श्रुति, विभोर प्रकाशम, पवन कुमार, सतीश कुमार और सुमन सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। शिविर की संयोजिका मीनाक्षी अग्रवाल ने सभी चिकित्सकों, सहयोगियों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन साध्वी शिरोमणि ने किया।
Follow Samachar24