Loading...

प्राचीन धार्मिक परंपराओं के साथ श्री अग्रविहारी मंदिर में हुआ अन्नकूट महोत्सव, ठाकुरजी को अर्पित किए विविध व्यंजनों के भोग

Gargachary Times 15 November 2026, 20:42 41 views
Mathura
प्राचीन धार्मिक परंपराओं के साथ श्री अग्रविहारी मंदिर में हुआ अन्नकूट महोत्सव, ठाकुरजी को अर्पित किए विविध व्यंजनों के भोग
वृंदावन। धर्मनगरी वृंदावन में दीपावली के पश्चात अन्नकूट महोत्सव मनाने की प्राचीन धार्मिक परंपरा आज भी पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ निभाई जा रही है। इसी परंपरा के अंतर्गत गोपीनाथ बाजार स्थित प्राचीन श्री अग्रविहारी मंदिर में अन्नकूट महोत्सव धूमधाम एवं भक्तिभाव के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक आयोजन के साथ ठाकुरजी को विभिन्न प्रकार के पकवानों का भोग अर्पित किया गया। दर्शन एवं प्रसाद प्राप्त करने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए मंदिर के सेवायत पंडित दाऊ दयाल शर्मा ने बताया कि ब्रजभूमि में अन्नकूट महोत्सव का विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व है। यह पर्व भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक माना जाता है। द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत की पूजा का संदेश दिए जाने के बाद से ब्रज में अन्नकूट महोत्सव मनाने की परंपरा चली आ रही है। इस दिन श्रद्धालु विभिन्न प्रकार के पकवान तैयार कर ठाकुरजी को अर्पित करते हैं और भगवान के प्रति अपनी श्रद्धा एवं समर्पण प्रकट करते हैं। उन्होंने बताया कि प्राचीन श्री अग्रविहारी मंदिर में भी वर्षों से सभी धार्मिक उत्सव पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार मनाए जाते रहे हैं। अन्नकूट महोत्सव के अवसर पर ठाकुरजी को विभिन्न प्रकार की मिठाइयां, पकवान, पापड़, चटनी, अचार, विभिन्न प्रकार के चावल, कढ़ी, सब्जियां एवं अनेक प्रकार के व्यंजनों का भोग निवेदित किया गया। ब्रज की मंदिर परंपरा में अन्नकूट का भोग केवल विविध व्यंजनों का समर्पण नहीं, बल्कि अन्न के प्रति सम्मान, सेवा, समर्पण और सामूहिक भक्ति भावना का प्रतीक भी है। भोग अर्पित करने के पश्चात श्रद्धालुओं को अन्नकूट प्रसाद वितरित किया गया। ब्रज में ठाकुरजी का प्रसाद ग्रहण करना भक्तों के लिए विशेष सौभाग्य माना जाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन हमारी प्राचीन संस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। अन्नकूट महोत्सव में श्याम बिहारी शर्मा, शैलेंद्र शर्मा, अंकुर शर्मा, हरि बल्लभ गुप्ता, विष्णु गुप्ता, शिब्बू अरोड़ा, जितेंद्र वार्ष्णेय रोनू, चंद्रशेखर पांडे, पंकज अरोड़ा पार्षद आदि उपस्थित रहे।
Follow Samachar24