यातायात पुलिस का अभियान: 741 वाहनों के चालान, ओवरस्पीड और स्टंट करने वालों पर भी कार्रवाई
Gargachary Times
15 November 2026, 20:48
33 views
Firozabad
फिरोजाबाद। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए फिरोजाबाद यातायात पुलिस ने रविवार को विशेष अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले ऑटो, ई-रिक्शा, बाइक और अन्य वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 741 वाहनों के चालान किए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी यातायात के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने, ओवरस्पीड, ई-रिक्शा में साउंड स्पीकर लगाकर संचालन करने तथा स्टंट और तेज गति से बाइक चलाने वालों को निशाने पर लिया गया।
यातायात पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान ऑटो और ई-रिक्शा के विरुद्ध 42 चालान किए गए। क्षमता से अधिक सवारियां बैठाकर चलाए जा रहे ऑटो के 38, साउंड स्पीकर लगाकर संचालित किए जा रहे ई-रिक्शा के 55 और ओवरस्पीड वाहनों के 53 चालान किए गए। वहीं स्टंट एवं तेज गति से बाइक चलाने वाले चालकों के 4 चालान किए गए। इसके अलावा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 549 वाहन चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई।इस प्रकार अभियान में कुल 741 वाहनों के चालान कर जुर्माना अधिरोपित किया गया।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को जागरूक करते हुए अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं तथा ऑटो और ई-रिक्शा में क्षमता के अनुसार ही सवारियां बैठाएं।पुलिस ने कहा कि यातायात नियमों का पालन स्वयं के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा के लिए भी बेहद जरूरी है। सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।