Loading...

फिरोजाबाद में पुलिस मुठभेड़: लूट-छिनैती का आरोपी मोहित पैर में गोली लगने से घायल, साथी विकास भी गिरफ्तार

Gargachary Times 15 November 2026, 20:48 31 views
Firozabad
फिरोजाबाद में पुलिस मुठभेड़: लूट-छिनैती का आरोपी मोहित पैर में गोली लगने से घायल, साथी विकास भी गिरफ्तार
फिरोजाबाद। थाना रसूलपुर और बसई मोहम्मदपुर क्षेत्र में ऑटो सवार लोगों से पर्स और बैग छीनने की घटनाओं में वांछित चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। शनिवार 14 नवंबर को थाना रसूलपुर पुलिस की जगदंबा भट्ठा, मोतीनगर के पास बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी मोहित के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं उसके साथी विकास को भी लूट के 6,500 रुपये और घटना में प्रयुक्त बाइक के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, 7 नवंबर को अधिवक्ता शीबा खान अपने साथी अधिवक्ताओं के साथ डबरई स्थित न्यायालय ऑटो से जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से पल्सर बाइक पर सवार दो युवकों ने उनका हैंडबैग छीन लिया। पीछा करने पर पीछे बैठे युवक ने तमंचा दिखाकर धमकी दी और फरार हो गया। इस मामले में थाना रसूलपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था।वहीं 8 नवंबर को थाना बसई मोहम्मदपुर क्षेत्र में संजय कुमार अपनी पत्नी और बच्चों के साथ टूंडला से ऑटो में बैठकर बिलहना जा रहे थे। गाजीपुर रोड पर बाइक सवार दो युवकों ने उनकी पत्नी का पर्स झपट्टा मारकर छीन लिया था। इस मामले में भी मुकदमा दर्ज किया गया था। एसएसपी आदित्य लांग्हे के निर्देशन में दोनों घटनाओं के खुलासे के लिए थाना रसूलपुर पुलिस की दो टीमें गठित की गई थीं। विवेचना के दौरान विकास पुत्र लालता प्रसाद उर्फ पिंटू निवासी सुहागनगर और मोहित पुत्र सूरज निवासी नगला पचिया, हिमायूंपुर के नाम प्रकाश में आए। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर विकास को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से लूट के 6,500 रुपये और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद हुई। इसके बाद मोहित की तलाश में पुलिस टीम ने मोढ़ा जलालपुर से मोतीनगर जाने वाले रास्ते पर जगदंबा भट्ठा के पास घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरा देखकर मोहित ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मोहित के कब्जे से लूट के 6,600 रुपये, एक अवैध तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस बरामद किए। इस प्रकार दोनों आरोपियों से कुल 13,100 रुपये बरामद हुए हैं।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार मोहित के खिलाफ रसूलपुर और बसई मोहम्मदपुर में लूट के मामलों के अलावा आर्म्स एक्ट तथा वर्ष 2023 में थाना दक्षिण में दर्ज पॉक्सो समेत अन्य धाराओं का मुकदमा भी दर्ज है। घायल आरोपी का जिला अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।पुलिस टीम: गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार, उपनिरीक्षक निशांत कुमार, जितेंद्र कुमार गौतम तथा कांस्टेबल विवेक यादव, प्रिंसराज कंबोज, आकाश और योगेंद्र कुमार शामिल रहे।संपादकीय नोट: प्रेस नोट में बसई मोहम्मदपुर के मुकदमे की धारा एक जगह 304(2) और दूसरी जगह 177/26 के विवरण में अलग-अलग संदर्भ में दी गई है। प्रकाशन से पहले मुकदमे की सही धारा की पुष्टि कर लें।
Follow Samachar24