के.डी. हॉस्पिटल में हुई डेढ़ माह के मासूम की जटिल सर्जरी, शिशु शल्य विशेषज्ञ डॉ. श्याम बिहारी शर्मा ने किया सफल ऑपरेशन
Gargachary Times
16 November 2026, 20:19
32 views
Mathura
मथुरा। के.डी. मेडिकल कॉलेज-हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के शिशु शल्य चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. श्याम बिहारी शर्मा ने एक डेढ़ माह के मासूम बच्चे की जटिल सर्जरी कर उसे नया जीवन दिया है। बच्चा आंतों की गंभीर समस्या से पीड़ित था। अब बच्चा पूरी तरह स्वस्थ है तथा मां का दूध पीने के साथ सामान्य रूप से मल त्याग भी कर रहा है।
जानकारी के अनुसार, इंद्रलोक कॉलोनी, कृष्णा नगर, मथुरा निवासी संजय सिंह को डेढ़ माह पूर्व पुत्ररत्न की प्राप्ति हुई। बच्चे ने लगभग एक माह की उम्र के बाद दूध पीना छोड़ दिया था और उसे हरे रंग की उल्टियां होने लगीं। परेशान परिजन उसे पहले विभिन्न शिशु रोग विशेषज्ञों और निजी अस्पतालों में लेकर गए, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद लोगों की सलाह के बाद उन्होंने बच्चे को के.डी. हॉस्पिटल के शिशु शल्य चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. श्याम बिहारी शर्मा को दिखाया।
प्रारम्भिक जांच के बाद डॉ. शर्मा द्वारा पांच नवम्बर, 2026 को बच्चे को अस्पताल में भर्ती किया गया। आवश्यक जांच के उपरांत सात नवम्बर को उसका ऑपरेशन किया गया। सर्जरी के दौरान पता चला कि बच्चे की आंतें एक स्थान पर फंसी हुई थीं। चिकित्सकीय भाषा में इस समस्या को मीसो कोलिक हर्निया विद लैड्स बैण्ड कहा जाता है। इस जटिल स्थिति के चलते आंतों में गैंग्रीन यानी ऊतकों के नष्ट होने की समस्या भी पैदा हो गई थी।
डॉ. शर्मा का कहना है कि आंतों में रुकावट का पता जब पेट का एक्सरे करवाने से ही चल सकता है तो फिर दवा पिलाकर एक्सरे करने की आवश्यकता नहीं होती। दवा पिलाकर एक्सरे करवाने से आंतों में रुकावट बढ़ जाती है और उसमें गैंग्रीन हो जाती है। इस बच्चे में भी ऐसा ही हुआ था।
डॉ. शर्मा का कहना है कि ऑपरेशन के दौरान लगभग 35 सेंटीमीटर क्षतिग्रस्त छोटी आंत को काटकर अलग किया गया तथा शेष स्वस्थ आंत को आपस में जोड़ दिया गया। यह नवजात शिशु के लिए अत्यंत चुनौतीपूर्ण सर्जरी थी। आंतों की इस समस्या में समय पर उपचार नहीं मिलने पर बच्चे की जान को गंभीर खतरा हो सकता था।
डॉ. शर्मा का कहना है कि ऑपरेशन के बाद बच्चे की स्थिति में लगातार सुधार हुआ। अब वह पूरी तरह स्वस्थ है, मां का दूध पी रहा है और सामान्य रूप से मल त्याग भी कर रहा है। 14 नवम्बर को उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। इस जटिल ऑपरेशन में डॉ. श्याम बिहारी शर्मा का तकनीकी सहयोग योगेश ने किया।
संस्थान के चेयरमैन मनोज अग्रवाल ने सफल ऑपरेशन के लिए चिकित्सा टीम को बधाई देते हुए बच्चे के स्वस्थ-सुखद जीवन की कामना की। डीन और प्राचार्य डॉ. आर.के. अशोका ने कहा कि केडी हॉस्पिटल के चिकित्सकों की इस सफलता ने एक बार फिर साबित किया है कि गंभीर बीमारियों में समय पर विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श, बीमारी की सटीक पहचान और कुशल शल्य चिकित्सा किसी मासूम को नया जीवन दे सकती है।