Loading...

वृन्दावन में 18 नवम्बर को नारायण सेवा संस्थान का विशाल निःशुल्क दिव्यांगता निवारण शिविर

Gargachary Times 16 November 2026, 20:26 36 views
Mathura
वृन्दावन में 18 नवम्बर को नारायण सेवा संस्थान का विशाल निःशुल्क दिव्यांगता निवारण शिविर
वृन्दावन: दिव्यांगजनों को उपचार, पुनर्वास और आत्मनिर्भरता के माध्यम से सम्मानजनक जीवन प्रदान करने के संकल्प के साथ नारायण सेवा संस्थान, उदयपुर द्वारा रामनाथ कोविंद फाउंडेशन, दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान एवं सिग्नेचर ग्लोबल फाउंडेशन के सहयोग से वृन्दावन में विशाल निःशुल्क दिव्यांगता निवारण शिविर आयोजित किया जाएगा। 18 नवम्बर को सिग्नेचर वृन्दावन धाम, जीएच-1, रुक्मणी विहार में होने वाले इस शिविर में दिव्यांगजनों की शल्य चिकित्सा के लिए चिकित्सकीय जांच एवं चयन तथा नारायण मॉड्यूलर कृत्रिम अंगों के लिए तकनीकी माप लिया जाएगा। शिविर का उद्घाटन प्रातः 11 बजे भारत के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद करेंगे। पंजीकरण एवं जांच प्रक्रिया सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगी। संस्थान संरक्षक सत्यभूषण जैन ने बताया कि संस्थान का सेवा दर्शन केवल उपचार तक सीमित नहीं, बल्कि दिव्यांग व्यक्ति को शारीरिक क्षमता, आत्मविश्वास और सामाजिक सम्मान के साथ जीवन की मुख्यधारा से जोड़ना है। पद्मश्री सम्मानित संस्थापक कैलाश ‘मानव’ की प्रेरणा से वर्ष 1985 से संस्थान ‘नर में नारायण’ के भाव को आत्मसात कर जरूरतमंदों की सेवा में जुटा है। दुर्घटना, जन्मजात विकृति अथवा बीमारी के कारण दिव्यांग हुए लोगों के निःशुल्क ऑपरेशन, कृत्रिम अंग एवं कैलिपर्स उपलब्ध करवाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का कार्य निरंतर किया जा रहा है। इसी सेवा भावना का विस्तार करते हुए संस्थान अब कृत्रिम अंगों के माध्यम से दिव्यांग गोमाताओं के पुनर्वास की पहल भी कर रहा है। यह प्रयास मानव सेवा के साथ मूक प्राणियों के प्रति करुणा और जीव दया के संकल्प को भी साकार कर रहा है। शिविर में संस्थान के अनुभवी ऑर्थोटिस्ट एवं प्रोस्थेटिस्ट विशेषज्ञ दिव्यांगजनों का चिकित्सकीय एवं शारीरिक आकलन करेंगे। हाथ-पैर गंवा चुके व्यक्तियों के अवशिष्ट अंग (Residual Limb), शारीरिक संरचना एवं आवश्यक कार्यात्मक गतिविधियों के अनुरूप मॉड्यूलर कृत्रिम अंगों के लिए सटीक माप लिया जाएगा। आधुनिक तकनीक से निर्मित ये कृत्रिम अंग हल्के, टिकाऊ और उपयोगकर्ता की जरूरतों के अनुरूप संयोजित किए जाते हैं, जिससे चलने-फिरने एवं दैनिक गतिविधियों में सहजता मिल सके। माप एवं निर्माण प्रक्रिया पूरी होने के लगभग एक से दो माह बाद पुनः शिविर आयोजित कर लाभार्थियों को उनकी शारीरिक संरचना के अनुरूप कृत्रिम अंग निःशुल्क फिटमेंट सहित उपलब्ध करवाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त चिकित्सकीय परीक्षण के आधार पर जरूरतमंद दिव्यांगजनों को निःशुल्क शल्य चिकित्सा के लिए चयनित किया जाएगा। चयनित लाभार्थियों के ऑपरेशन उदयपुर स्थित संस्थान के अत्याधुनिक अस्पताल में निःशुल्क किए जाएंगे। संस्थान के मीडिया एवं जनसंपर्क प्रमुख भगवान प्रसाद गौड़ ने बताया कि शिविर में आने वाले दिव्यांगजनों एवं उनके परिजनों के लिए निःशुल्क भोजन, चाय एवं अल्पाहार की व्यवस्था रहेगी। शिविर में भारत के 14वें राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इसके साथ ही वृन्दावन के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं समाजसेवी भी सहभागिता करेंगे। संस्थान अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल ने मथुरा-वृन्दावन सहित आसपास के क्षेत्रों के अधिकाधिक दिव्यांगजनों से शिविर में पहुंचकर इस निःशुल्क सेवा का लाभ लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य दिव्यांगता को किसी व्यक्ति की क्षमता और संभावनाओं के आड़े नहीं आने देना है। इच्छुक लाभार्थी अपने साथ आधार कार्ड, दिव्यांगता प्रमाण पत्र तथा दिव्यांगता दर्शाते हुए दो पासपोर्ट साइज फोटो अवश्य लेकर आएं। शिविर संबंधी जानकारी के लिए संस्थान की हेल्पलाइन 70235-09999 एवं 78293-00000 पर संपर्क किया जा सकता है। इस अवसर पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में संस्थान संरक्षक सत्यभूषण जैन, मीडिया एवं जनसंपर्क प्रमुख भगवान प्रसाद गौड़ तथा वृन्दावन आश्रम प्रभारी नवनीत सिंह पंवार ने शिविर का पोस्टर जारी कर आयोजन की जानकारी दी। उल्लेखनीय है कि नारायण सेवा संस्थान वर्ष 1985 से निःस्वार्थ भाव से दिव्यांग एवं जरूरतमंद लोगों के उपचार, पुनर्वास, शिक्षा और सशक्तिकरण के लिए कार्यरत है। संस्थापक कैलाश ‘मानव’ को समाजसेवा के क्षेत्र में योगदान के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया गया है। वहीं संस्थान अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल को वर्ष 2023 में दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त हुआ। संस्थान द्वारा अब तक 4,56,097 से अधिक दिव्यांगजनों की निःशुल्क शल्य चिकित्सा की जा चुकी है तथा 41,012 से अधिक कृत्रिम अंग निःशुल्क उपलब्ध करवाए जा चुके हैं। संस्थान का विश्वास है कि सेवा का वास्तविक प्रतिफल किसी जरूरतमंद के जीवन में फिर से चलने, बढ़ने और अपने पैरों पर खड़े होने का विश्वास जगाना है।
Follow Samachar24