Loading...

BSA अनिल कुमार ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और मेडल देकर किया सम्मानित, बालिका क्रिकेट टूर्नामेंट की शुरुआत बनी आकर्षण

Gargachary Times 16 November 2026, 20:28 40 views
Firozabad
BSA अनिल कुमार ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और मेडल देकर किया सम्मानित, बालिका क्रिकेट टूर्नामेंट की शुरुआत बनी आकर्षण
फिरोजाबाद। जनपद के सिरसागंज स्थित प्रवीण विद्यापीठ में आयोजित विद्या पीठ प्रीमियर लीग (VPL-4) का भव्य समापन समारोह उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार तथा विशिष्ट अतिथि नगर पालिका परिषद सिरसागंज की चेयरमैन रंजना गुरुदत्त सिंह उपस्थित रहीं। विद्यालय प्रबंधन की ओर से अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया।प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में विद्या पीठ कैपिटल्स और प्रवीण चैलेंजर्स के बीच रोमांचक भिड़ंत हुई। शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए विद्या पीठ कैपिटल्स ने जीत हासिल कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं, सिरसागंज में पहली बार आयोजित बालिका क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में बोस हाउस ने कलाम हाउस को पराजित कर खिताब पर कब्जा जमाया।समापन समारोह में मुख्य अतिथि BSA अनिल कुमार ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ खेलकूद भी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद आवश्यक हैं। प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है। जरूरत है उसे उचित अवसर और प्रोत्साहन देने की, ताकि वह जिला, प्रदेश, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सके। उन्होंने बालिका क्रिकेट टूर्नामेंट की शुरुआत को सराहनीय पहल बताते हुए छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। अंत में विद्यालय के निदेशक दीपक जादौन एवं निदेशिका पारुल सिंह ने अतिथियों, शिक्षकों, टीम ओनर्स और खिलाड़ियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।
Follow Samachar24