Loading...

सड़क सुरक्षा पखवाड़ा-2026 का शुभारंभ, डीएम और एसएसपी ने प्रचार वाहन को दिखाई हरी झंडी

Gargachary Times 16 November 2026, 20:31 30 views
Firozabad
सड़क सुरक्षा पखवाड़ा-2026 का शुभारंभ, डीएम और एसएसपी ने प्रचार वाहन को दिखाई हरी झंडी
फिरोजाबाद। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं एवं उनमें होने वाली जनहानि को न्यूनतम करने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा पखवाड़ा-2026 का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के साथ प्रचार-प्रसार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान 30 नवंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जनपद में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाए। विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया जाए। इसके साथ ही निर्धारित गति सीमा का पालन करने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने के प्रति भी लोगों को जागरूक किया जाएगा। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय एवं सक्रिय सहभागिता के साथ निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात नियमों का पालन करना नहीं, बल्कि जीवन की रक्षा का संकल्प है। सभी नागरिक यातायात नियमों का पालन करें, स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों के जीवन को भी सुरक्षित बनाएं।
Follow Samachar24