आसियान डिनर में पारंपरिक पोशाक में पहुंचे PM मोदी, टुक-टुक की सवारी की
Gargachary Times
16 November 2026, 20:53
36 views
International
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को तीन दिन के दौरे पर फिलीपींस की राजधानी मनीला पहुंचे। यहां उन्होंने फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर की ओर से आयोजित आसियान गाला डिनर में हिस्सा लिया।
इस दौरान मोदी फिलीपींस की पारंपरिक पुरुष पोशाक 'बारोंग टैगलॉग' पहने नजर आए। वह कार्यक्रम में खास तौर पर तैयार की गई टुक-टुक से पहुंचे।
मोदी 17 नवंबर को 23वें आसियान-भारत समिट और 21वें ईस्ट एशिया समिट में शामिल होंगे। इस दौरान उनकी अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प से भी मुलाकात होगी।
बारोंग टैगलॉग फिलीपींस की राष्ट्रीय औपचारिक पोशाक है। यह आमतौर पर लंबी बाजू की शर्ट होती है, जिसे पैंट के ऊपर पहना जाता है। इसकी खासियत इस पर हाथ से की गई बारीक कढ़ाई और हल्का कपड़ा है।
इसे पिना, पिना-सिल्क, ऑर्गेंजा और जुसी जैसे कपड़ों से बनाया जाता है। ये कपड़े इतने पतले और हल्के होते हैं कि कई बार इनके आर-पार भी देखा जा सकता है।
बारोंग टैगलॉग को खास मौकों, सरकारी कार्यक्रमों और शादियों जैसे समारोहों में पहना जाता है। यह पोशाक फिलीपींस के पारंपरिक कपड़ा उद्योग और वहां के कारीगरों की कला को दिखाती है।
PM मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प 17 नवंबर को क्वाड देशों की बैठक में हिस्सा लेंगे, जिसमें भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के बीच हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।
क्वाड में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं। इसकी शुरुआत 2007 में हुई थी, लेकिन चीन की नाराजगी की आशंका के चलते एक साल बाद इसकी बैठकें बंद हो गईं।
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने 2017 में अपने पहले कार्यकाल के दौरान इसे फिर से शुरू किया। इसका मकसद हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन के बढ़ते प्रभाव का मुकाबला करना और चारों देशों के बीच सहयोग बढ़ाना है।
मनीला में होने वाली यह बैठक करीब दो साल बाद चारों देशों के नेताओं की पहली आमने-सामने बैठक होगी। ट्रम्प के दूसरे कार्यकाल में भी यह पहली क्वाड लीडर्स मीटिंग है। चीन के बढ़ते प्रभाव पर भी इस बैठक में बात हो सकती है।