हिमांचल प्रदेश के महामहिम राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने दीप प्रज्ज्वलन एवं रिबन काटकर किया श्री दयाराम बद्री केदार आश्रम का उद्घाटन
Gargachary Times
18 November 2026, 18:43
34 views
Mathura
रिपोर्ट - मनोज अग्रवाल
वृन्दावन।अल्हैपुर मार्ग (निकट राधा फ्लोरेंस) स्थित नवनिर्मित श्री दयाराम बद्री केदार आश्रम का पंच दिवसीय दिव्य व भव्य उदघाटन एवं मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव अत्यन्त श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ प्रारम्भ हो गया है।दयाराम चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव का शुभारंभ प्रातः काल गाजे-बाजे के मध्य निकाली गयी भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। तत्पश्चात महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में पधारे हिमांचल प्रदेश के महामहिम राज्यपाल कविंदर गुप्ता, पूज्य सद्गुरुदेव पूर्व प्राचार्य डॉ. राम कृपालु त्रिपाठी महाराज एवं विशिष्ट अतिथि श्रीमती बिन्दु गुप्ता ने वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य दीप प्रज्ज्वलित करके एवं रिबन काटकर श्री दयाराम बद्री केदार आश्रम का उद्घाटन किया।इसके साथ ही वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा देव पूजन व 108 ब्राह्मणों द्वारा सहस्र चंडी पाठ भी प्रारंभ हुआ।
मुख्य अतिथि हिमांचल प्रदेश के महामहिम राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने कहा कि श्रीधाम वृन्दावन भगवान श्रीकृष्ण और उनकी आल्हादिनी शक्ति स्वरूपा श्रीराधा रानी की लीला भूमि है।यहां भागवत प्रवक्ता आचार्य कमल नयन महाराज (बद्रीनाथ वाले) के द्वारा जो श्री दयाराम बद्री केदार आश्रम की स्थापना की गई है, वो अति प्रशंसनीय है। हमें आशा ही नहीं अपितु पूर्ण विश्वास है कि श्री दयाराम बद्री केदार आश्रम के द्वारा संचालित होने वाले सेवा प्रकल्पों से विश्वभर में भारतीय वैदिक सनातन संस्कृति का परचम लहराया जायेगा।जिससे श्रीधाम वृन्दावन और बद्रीनाथ धाम के संबंध और प्रगाढ़ होंगे।
सदगुरुदेव डॉ. राम कृपालु त्रिपाठी महाराज ने कहा कि श्री दयाराम बद्री केदार आश्रम के संस्थापक अध्यक्ष भागवत किंकर कमल नयन महाराज अत्यंत सहज, सरल, परोपकारी व सनातन प्रेमी हैं।उन्होंने संकल्प लिया हुआ है कि विश्वभर में चहुमुखी कुठाराघात झेल रहे सनातन धर्म और भारतीय वैदिक संस्कृति को पुनः स्थापित करने हेतु जीवन भर प्रयासरत रहेंगे।
महोत्सव में पधारे सभी आगंतुक अतिथियों को कार्यक्रम के संयोजक आचार्य युगल किशोर कटारे के द्वारा ठाकुरजी का पटुका-प्रसादी-माला आदि भेंट करके स्वागत सम्मान किया गया।
इस अवसर पर आचार्य मंगेश दुबे, मीडिया प्रभारी डॉ. राधाकांत शर्मा, अंकित भैया आदि के अलावा विभिन्न क्षेत्रों के तमाम गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।संचालन प्रोफेसर डॉ. रत्नेश त्रिपाठी ने किया।
सायंकाल सरस भजन संध्या का आयोजन सम्पन्न हुआ।जिसमें प्रख्यात भजन गायिका सुश्री करुणा चौहान (हरिद्वार) एवं भजन सम्राट निकुंज कामरा (दिल्ली) के द्वारा ठाकुर श्रीराधा कृष्ण की महिमा से ओत-प्रोत भजनों का संगीत की मृदुल स्वर लहरियों के मध्य गायन किया गया।