गोपाष्टमी पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ गोमाता का पूजन, संत विद्वत सम्मेलन में धर्म, संस्कृति और गौसेवा पर हुआ मंथन
Gargachary Times
19 November 2026, 19:29
33 views
Dharam
वृंदावन। परिक्रमा मार्ग स्थित वंशीवट क्षेत्र के चरणाश्रम (पंचायती महानिर्वाणी अखाड़ा) में पूज्य हनुमानजी वाले बाबा की सद्प्रेरणा से दो दिवसीय दशम पाटोत्सव एवं अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और धूमधाम के साथ मनाया गया। महोत्सव में धार्मिक अनुष्ठानों, संत विद्वत सम्मेलन, भजन संध्या एवं अन्नकूट प्रसादी सहित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। ब्रज के अनेक प्रतिष्ठित संत-महात्माओं और धर्माचार्यों ने सहभागिता कर श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति, सेवा और सनातन संस्कृति का संदेश दिया।
गोपाष्टमी के पावन अवसर पर प्रातः वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संतों एवं श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से गोमाता का पूजन-अर्चन किया। इस अवसर पर चरणाश्रम के संस्थापक महामंडलेश्वर डॉ. सत्यानंद सरस्वती महाराज अधिकारी गुरुजी के सानिध्य में भजनानंदी माताओं को भोजन, वस्त्र एवं दक्षिणा वितरित की गई। वहीं सायंकाल आयोजित भव्य भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायकों ने गिरिराज गोवर्धन एवं गोमाता की महिमा से जुड़े सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
महोत्सव के अंतर्गत आयोजित संत-विद्वत सम्मेलन की अध्यक्षता महामंडलेश्वर स्वामी डॉ. आदित्यानंद गिरि महाराज एवं महामंडलेश्वर स्वामी कमलेश गिरि महाराज ने की। इस दौरान महामंडलेश्वर स्वामी डॉ. आदित्यानंद गिरि महाराज ने कहा कि वर्तमान समय में भारतीय वैदिक सनातन धर्म के सामने अनेक चुनौतियां हैं। ऐसे में संत समाज और धर्माचार्यों का दायित्व है कि वे अपनी संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक मूल्यों के संरक्षण के लिए आगे आएं।
चरणाश्रम के संस्थापक महामंडलेश्वर डॉ. सत्यानंद सरस्वती महाराज अधिकारी गुरुजी ने गोमाता के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गोमाता में समस्त देवी-देवताओं का वास माना गया है। गोमाता की पूजा और सेवा से मनुष्य को पुण्य एवं ईश्वरीय कृपा प्राप्त होती है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को पूर्ण समर्पण भाव से गोसेवा करनी चाहिए। उन्होंने गोमाता के संरक्षण और संवर्धन की आवश्यकता पर बल दिया।
महामंडलेश्वर स्वामी राधाप्रसाद देव जू महाराज एवं महामंडलेश्वर स्वामी सुरेशानंद परमहंस महाराज ने प्राचीन भारतीय वैदिक संस्कृति में गोमाता के महत्व को बताते हुए गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने तथा गोमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग भारत सरकार से की।
संत सम्मेलन में चतु:संप्रदाय के श्रीमहंत बाबा फूलडोल बिहारीदास महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी वेदानंद महाराज, श्रीमहंत सुंदर दास महाराज, आचार्य पीठाधीश्वर स्वामी यदुनंदनाचार्य महाराज, महंत स्वामी देवानंद महाराज, महंत आचार्य रामदेव चतुर्वेदी महाराज, डॉ. चंद्र प्रकाश शर्मा, पंडित बिहारीलाल वशिष्ठ, महंत मोहिनी शरण महाराज, भागवताचार्य अनमोल कृष्ण शास्त्री, पूर्व प्राचार्य डॉ. रामसुदर्शन मिश्र, साध्वी डॉ. राकेश हरिप्रिया, डॉ. राधाकांत शर्मा, आचार्य बद्रीश महाराज, पंडित सौरभ गौड़, आचार्य भूति कृष्ण महाराज, रविकांत गौतम, भगवान दास चौधरी, बवंडर बाबा, महंत रामानुज दास महाराज एवं स्वामी माधव स्वरूप महाराज सहित अनेक संत, विद्वान एवं धर्माचार्य उपस्थित रहे।
सम्मेलन का संचालन महंत मोहिनी बिहारी शरण महाराज ने किया। महोत्सव के समापन अवसर पर महामंडलेश्वर स्वामी सत्यानंद सरस्वती महाराज डॉ. अधिकारी गुरुजी ने पधारे हुए संतों, विद्वानों एवं धर्माचार्यों को उत्तरीय ओढ़ाकर तथा ठाकुरजी का प्रसाद भेंटकर सम्मानित किया। इस दौरान आयोजित विशाल भंडारे एवं अन्नकूट प्रसादी में संत-महात्माओं सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। पूरे आयोजन के दौरान चरणाश्रम परिसर भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहा।