जनपद न्यायालय में न्यायिक अधिकारियों को दी गई डिजिटल जनगणना की जानकारी, स्वगणना प्रक्रिया का कराया प्रशिक्षण
Gargachary Times
19 November 2026, 19:51
31 views
Firozabad
फिरोजाबाद। जनपद न्यायालय परिसर में डिजिटल जनगणना के अंतर्गत संचालित होने वाली 'स्वगणना' प्रक्रिया को लेकर जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनगणना विभाग के अधिकारियों ने जनपद न्यायाधीश श्री मनोज तृतीय सहित जनपद न्यायालय के समस्त न्यायिक अधिकारियों को स्वगणना प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम के प्रारंभ में जनगणना विभाग की ओर से उपस्थित अधिकारी अजीत सिंह एवं उनकी टीम ने जनपद न्यायाधीश मनोज तृतीय का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद आयोजित प्रशिक्षण सत्र में अधिकारियों ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से बताया कि नागरिक किस प्रकार ऑनलाइन माध्यम से स्वयं अपने और अपने परिवार की जनगणना संबंधी जानकारी दर्ज कर सकते हैं।इस दौरान स्वगणना पोर्टल के उपयोग, पंजीकरण की प्रक्रिया, आवश्यक जानकारियों को ऑनलाइन दर्ज करने की विधि, डेटा की गोपनीयता और डिजिटल स्वगणना के लाभों के बारे में विस्तार से समझाया गया।
प्रशिक्षण सत्र में मौजूद न्यायिक अधिकारियों ने डिजिटल जनगणना की इस पहल की सराहना की। साथ ही प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न तकनीकी पहलुओं पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम में जनपद न्यायालय के सभी वरिष्ठ एवं कनिष्ठ न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे।