Loading...

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत मथुरा में 500 जोड़ो की कराई गई शादी

Gargachary Times 19 November 2026, 20:10 31 views
Mathura
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत मथुरा में 500 जोड़ो की कराई गई शादी
ललित उपाध्याय, संवाददाता मथुरा: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में उमड़े 10 हजार से अधिक बाराती, जनप्रतिनिधियों ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद सरकार ने प्रति जोड़े पर खर्च किए एक लाख रुपये, कन्या के खाते में भेजे गए 64 हजार रुपये आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों की शादी की जिम्मेदारी निभाते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने गुरुवार को मथुरा में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह का भव्य आयोजन कराया। धोली प्याऊ स्थित रेलवे ग्राउंड में समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित समारोह में जनपद के विभिन्न विकासखंडों के कुल 500 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। इनमें 20 मुस्लिम जोड़ों का निकाह भी संपन्न कराया गया। समारोह में 10 हजार से अधिक बाराती शामिल हुए। रेलवे ग्राउंड में आयोजित समारोह के लिए भव्य पंडाल लगाया गया । मंगल गीतों और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच पूरे परिसर में उत्सव का माहौल नजर आया। हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच जोड़ों के सात फेरे संपन्न कराए, वहीं मौलवियों ने 20 मुस्लिम जोड़ों का निकाह पढ़ाया। विभिन्न समुदायों के जोड़ों के एक ही आयोजन में विवाह संपन्न होने से सामाजिक समरसता का संदेश भी दिया गया। जनप्रतिनिधियों ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह, बल्देव विधायक पूरन प्रकाश और सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। इससे गरीब माता-पिता को बेटियों की शादी के खर्च की चिंता से राहत मिल रही है। समारोह में सभी नवदंपतियों को विवाह प्रमाण-पत्र और गृहस्थी बसाने के लिए आवश्यक सामान व उपहार सामग्री प्रदान की गई। प्रशासन की ओर से बारातियों और अतिथियों के लिए खानपान की व्यवस्था भी की गई थी। प्रति जोड़े पर एक लाख रुपये खर्च कर रही सरकार मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सरकार प्रति जोड़े पर कुल एक लाख रुपये खर्च कर रही है। इसमें गृहस्थी बसाने के लिए कन्या के बैंक खाते में 64 हजार रुपये का अनुदान भेजा जाता है। इसके अलावा 21 हजार रुपये कपड़े, बर्तन और उपहार सामग्री पर तथा 15 हजार रुपये आयोजन व्यवस्था पर खर्च किए जाते हैं। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सलोनी गौतम, जिला विकास अधिकारी गरिमा खरे, परियोजना निदेशक डीआरडीए अरुण कुमार उपाध्याय, उपायुक्त मनरेगा विजय कुमार पाण्डेय, सहायक श्रमायुक्त राजकुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी रेनू, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी मोहित बघेल, जिला सूचना अधिकारी प्रशांत कुमार सुचारी सहित समस्त खंड विकास अधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Follow Samachar24