जनगणना-2027 के डिजिटल स्व-गणना अभियान को गति देने के लिए आगे आया पुलिस प्रशासन, थानाध्यक्ष अभय शर्मा ने पुलिसकर्मियों को किया प्रेरित
Gargachary Times
20 November 2026, 19:33
31 views
Mathura
बलदेव (मथुरा)। भारत की जनगणना-2027 को सफल, पारदर्शी एवं व्यापक जनभागीदारी वाला राष्ट्रीय अभियान बनाने के उद्देश्य से संचालित डिजिटल स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी सक्रिय सहभागिता निभा रहे हैं। इसी क्रम में कार्यालय आज जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी, मथुरा के निर्देशों के अनुपालन में आज फील्ड ट्रेनर सुशेंद्र मित्तल, अशोक सारस्वत और पर्यवेक्षक डॉ जगदीश पाठक ने थानाध्यक्ष अभय शर्मा एवं उनके स्टाफ को डिजिटल स्व-गणना के महत्व, उद्देश्य एवं प्रक्रिया की जानकारी देते हुए उन्हें इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया और स्व-गढ़ना करने में सहयोग किया।
इस अवसर पर पुलिसकर्मियों को बताया गया कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना तक सीमित नहीं है, बल्कि देश की भावी विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी नीतियों, संसाधनों के उचित वितरण तथा बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था की आधारशिला है। डिजिटल स्व-गणना के माध्यम से नागरिक स्वयं अपने परिवार की आवश्यक जनगणना संबंधी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकते हैं।
थानाध्यक्ष अभय शर्मा ने अभियान के प्रति सकारात्मक पहल करते हुए अपने अधीनस्थ समस्त पुलिसकर्मियों एवं कार्यालय कार्मिकों से यथाशीघ्र अपनी एवं अपने परिवार की स्व-गणना पूर्ण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। पुलिस विभाग के सभी कार्मिक स्वयं जागरूक होकर इस अभियान में भाग लें तथा अपने परिवारजनों, परिचितों और आसपास के लोगों को भी डिजिटल स्व-गणना के लिए प्रेरित करें।
इस दौरान स्व-गणना अभियान के प्रति पुलिसकर्मियों में उत्साह एवं सकारात्मक सहभागिता का संदेश देखने को मिला।