तिगरी और गढ़मुक्तेश्वर मेले में 20 से 24 नवंबर तक संस्कृति विभाग ने लगाई दुर्लभ पांडुलिपियों की प्रदर्शनी
Gargachary Times
20 November 2026, 19:40
35 views
hapur
हापुड़: गंगा के तट पर लगने वाले मेलों में इस बार श्रद्धालुओं को धार्मिक आस्था के साथ भारतीय ज्ञान और साहित्य की प्राचीन विरासत को करीब से जानने का अवसर मिल रहा है। उत्तर प्रदेश राजकीय अभिलेखागार, संस्कृति विभाग की ओर से गंगा तिगरी मेला-2026 (अमरोहा) और कार्तिक पूर्णिमा मेला गढ़मुक्तेश्वर-2026 (हापुड़) के अवसर पर ‘ज्ञान और अध्यात्म की विरासत’ विषय पर आधारित दुर्लभ पांडुलिपियों की विशेष प्रदर्शनियां लगाई गई हैं। इन प्रदर्शनियों में गंगा की महिमा, तीर्थ परंपरा, रामभक्ति और भारतीय दर्शन से जुड़ी प्राचीन पांडुलिपियां प्रदर्शित की गई हैं। 20 से 24 नवंबर तक चलने वाली इन प्रदर्शनियों के माध्यम से श्रद्धालु सदियों पुरानी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से रूबरू हो रहे हैं।
अमरोहा के तिगरी गंगा मेले में सदर गेट पर और हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में शिव चौराहे पर ये प्रदर्शनियां लगाई गई हैं। गढ़मुक्तेश्वर में कार्तिक पूर्णिमा मेले के अवसर पर प्रदर्शनी का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा ने किया। इस दौरान क्षेत्रीय अभिलेख अधिकारी, आगरा ने प्रदर्शित पांडुलिपियों के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। प्रदर्शनी में रखी गई पांडुलिपियां भारतीय संस्कृति, धार्मिक मान्यताओं और प्राचीन ज्ञान परंपरा की महत्वपूर्ण झलक प्रस्तुत कर रही हैं।
प्रदर्शनी में गंगा की महिमा से जुड़ी प्राचीन पांडुलिपियां विशेष आकर्षण का केंद्र हैं। इनमें संस्कृत भाषा में लिखित ‘गंगा स्तोत्र’ और ‘गंगाष्टकम्’ शामिल हैं। श्रीमद् देवी भागवत पुराण से संबंधित गंगा स्तोत्र में मां गंगा की स्तुति की गई है और उन्हें ‘विष्णुपदी’ बताया गया है। यह पांडुलिपि शक्ति उपासना के साथ मां गंगा के पवित्र और कल्याणकारी स्वरूप को दर्शाती है। वहीं, आदि शंकराचार्य द्वारा रचित गंगाष्टकम् में आठ श्लोकों के माध्यम से मां गंगा की महिमा, पवित्रता और मोक्ष प्रदान करने वाले स्वरूप का वर्णन किया गया है। इसके प्रत्येक श्लोक में मां गंगा से कल्याण की प्रार्थना की गई है।
प्रदर्शनी में ‘तीर्थविधि’ नामक संस्कृत पांडुलिपि के माध्यम से भारतीय तीर्थ परंपरा और धार्मिक आचरण की जानकारी भी दी जा रही है। इसमें बताया गया है कि तीर्थयात्रा केवल एक स्थान से दूसरे स्थान तक की यात्रा नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि की आध्यात्मिक प्रक्रिया है। प्राचीन विद्वानों ने तीर्थयात्रियों के मार्गदर्शन के लिए जिन नियमों और परंपराओं का उल्लेख किया, उनका विवरण इस पांडुलिपि में मिलता है। इसमें तीर्थयात्रा के दौरान किए जाने वाले आवश्यक कार्यों और उनसे बचने योग्य आचरण का वर्णन है। इसके साथ ही ‘गंगा कवच’ की पांडुलिपि भी प्रदर्शित की गई है, जिसमें रुद्रयामल तंत्र के उत्तरखंड के आधार पर गंगा कवच का उल्लेख है। भगवान शिव और माता पार्वती के संवाद के माध्यम से इसमें इसके पाठ से सुख-समृद्धि और पापों से मुक्ति की धार्मिक मान्यता बताई गई है।
रामभक्ति से जुड़ी धरोहरों में तुलसीदास रचित ‘रामचरितमानस’ की पांडुलिपि भी प्रदर्शनी का हिस्सा है। इसमें श्रृंगवेरपुर में भगवान राम द्वारा मां गंगा के दर्शन और उनकी स्तुति का प्रसंग शामिल है। इस प्रसंग में मां गंगा को मंगल करने वाली, कष्ट दूर करने वाली और सुख प्रदान करने वाली बताया गया है। यह पांडुलिपि रामायण परंपरा और भारतीय भक्ति साहित्य की समृद्ध विरासत को सामने लाती है।
प्रदर्शनी में वर्ष 1867 की श्रीमद्भगवद्गीता की एक दुर्लभ पांडुलिपि भी रखी गई है। इसमें भगवान गणेश और माता सरस्वती, माता यशोदा के साथ भगवान श्रीकृष्ण तथा अर्जुन के सारथी के रूप में भगवान कृष्ण के चित्र अंकित हैं। संस्कृत भाषा में लिखित इस पांडुलिपि का काल संवत् 1924 है। इसके अलावा ‘अर्जुन गीता’ नामक पांडुलिपि भी प्रदर्शित की गई है, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण और अर्जुन के बीच संवाद संकलित है। 105 श्लोकों वाली इस गीता में अध्यायों का विभाजन नहीं है। इसमें संन्यास से जुड़े विषयों के साथ तीर्थों, नदियों, वर्णाश्रम व्यवस्था, ब्रह्मतत्व, धर्मतत्व तथा व्रतों और पर्वों के महत्व का भी वर्णन मिलता है।
इस पर विचार प्रकट करते हुए संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि, ये प्रदर्शनियां श्रद्धालुओं को प्राचीन पांडुलिपियों के माध्यम से भारत की धार्मिक, साहित्यिक और दार्शनिक परंपराओं को समझने का अवसर दे रही हैं। उन्होंने बताया गंगा स्तोत्र से लेकर रामचरितमानस और प्राचीन गीता तक, इन पांडुलिपियों के जरिए भारतीय संस्कृति की उस विरासत को प्रदर्शित किया गया है, जिसे पीढ़ियों से सहेजकर रखा गया है। 24 नवंबर तक चलने वाली इन प्रदर्शनियों में मेले में आने वाले श्रद्धालु इस अनमोल धरोहर को देखकर समृद्ध विरासत का अनुभव प्राप्त करेंगे।