गिरिराज पर उमड़ा आस्था का महासागर, दस हजार श्रद्धालुओं ने लगाई परिक्रमा
Gargachary Times
20 November 2026, 19:41
34 views
Mathura
गोवर्धन। ब्रज की भक्ति, श्रद्धा और श्रीराधा नाम की महिमा का अद्भुत दृश्य शुक्रवार को गिरिराज धाम में देखने को मिला। ब्रज के विरक्त संत पद्मश्री रमेश बाबा की श्री राधारानी ब्रजयात्रा ने दो दिवसीय पूछरी पड़ाव के दूसरे दिन हजारों श्रद्धालुओं के साथ गिरिराज महाराज की परिक्रमा की। करीब दस हजार श्रद्धालुओं का जनसैलाब जब एक साथ परिक्रमा मार्ग पर उमड़ा तो ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो आस्था का समुद्र अपनी सीमाएं लांघकर गिरिराज धाम में उतर आया हो। पूरा परिक्रमा मार्ग ‘गिरिराज धरण हम तेरी शरण’ के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।
यात्रा के दौरान नृसिंह बाबा ने एक ब्रजवासी रचनाकार का भावपूर्ण रसिया सुनाकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। रसिया के बोल ‘श्री राधारानी ब्रज यात्रा की शोभा लगे प्यारी, याकी कीरत जग में न्यारी’ में यात्रा की आध्यात्मिक महिमा और ब्रज के प्रति समर्पण का सजीव चित्रण था।
पूछरी पड़ाव से प्रस्थान कर यात्रियों ने पूछरी के लोठा, नवल कुंड, अप्सरा कुंड, ऐरावत कुंड, इंद्र पूजा स्थल, सुरभि कुंड, जतीपुरा मुखारविंद, श्रीनाथजी मंदिर, जान-अजान, चक्रेश्वर महादेव, चूतर टेका, उद्धव कुंड, राधाकुंड-श्यामकुंड, कुसुम सरोवर, नारद कुंड, ग्वाल पोखरा, श्याम कुटी, बाबा श्री प्रिया शरण जी की समाधि, मानसी गंगा, श्री हरदेव जी मंदिर, दानघाटी, गोविंद कुंड और लुकलुक दाऊजी सहित अनेक दिव्य लीलास्थलों के दर्शन किए। जगह-जगह ब्रजवासियों ने यात्रा का भव्य स्वागत किया। श्रद्धालुओं को खिचड़ी, हलवा, पूड़ी-सब्जी सहित विभिन्न व्यंजन परोसकर सेवा और सत्कार किया गया।
इस अवसर पर मान मंदिर के कार्यकारी अध्यक्ष राधाकांत शास्त्री ने राजस्थान सरकार से पूछरी में हेलीपैड स्थल के आसपास के समूचे क्षेत्र को ब्रजयात्रा के स्थायी पड़ाव स्थल के रूप में विकसित कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि हजारों यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था के लिए यह अत्यंत आवश्यक और जनोपयोगी कार्य है। समय की आवश्यकता को देखते हुए सरकार को इस दिशा में शीघ्र पहल करनी चाहिए। यात्रा में नृसिंह दास, बाबा ब्रजशरण दास महाराज, ब्रजदास, महेश शास्त्री, सुशील गोस्वामी, राजकुमार, संजय प्रधान, शंकर बाबा और राधाकिशन पंडित सहित अनेक श्रद्धालु शामिल रहे।