मतदाता साक्षरता क्लब की निबंध और क्विज प्रतियोगिता में चयनित 20 विद्यार्थी सम्मानित
Gargachary Times
20 November 2026, 19:44
48 views
Firozabad
फिरोजाबाद। लोकतांत्रिक मूल्यों और निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति युवाओं में जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से मतदाता साक्षरता क्लब (ईएलसी) के तत्वावधान में राजकीय हाईस्कूल, सिविल लाइन में जनपद स्तरीय निबंध एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में चयनित टॉप-10 निबंध और टॉप-10 क्विज प्रतिभागियों को जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं अन्य अधिकारियों ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार शर्मा और अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी कल्पना जायसवाल ने किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों, निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता पंजीकरण, मतदान के अधिकार और निष्पक्ष निर्वाचन के प्रति जागरूक करना रहा।ईएलसी सहायक नोडल अधिकारी डॉ. हिमांशु शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन तीन चरणों में किया गया। प्रथम चरण में जनपद के विभिन्न विद्यालयों में प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। इसके बाद विधानसभा स्तर पर फिरोजाबाद, टूंडला, शिकोहाबाद, जसराना और सिरसागंज से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन किया गया। तीसरे चरण में 18 नवंबर को जनपद स्तर पर पांचों विधानसभा क्षेत्रों से चयनित छात्र-छात्राओं के बीच प्रतियोगिता हुई, जिसमें निबंध और क्विज के लिए 10-10 विद्यार्थियों का चयन किया गया।
समापन अवसर पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, एडीएम कल्पना जायसवाल, डिप्टी कलेक्टर मुख्यालय अवधेश कुमार निगम, डिप्टी कलेक्टर अंकित कुमार और ईएलसी सहायक नोडल अधिकारी डॉ. हिमांशु शर्मा ने चयनित विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती जागरूक और जिम्मेदार मतदाताओं पर निर्भर करती है। मतदाता साक्षरता क्लब विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी देने और उन्हें भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों को अपनाने के साथ अपने परिवार और समाज के लोगों को भी मतदान के प्रति जागरूक करना चाहिए।
एडीएम कल्पना जायसवाल ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों की लोकतांत्रिक समझ, तार्किक क्षमता और निर्वाचन संबंधी जानकारी बढ़ती है। डिप्टी कलेक्टर अवधेश कुमार निगम ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक मत का अपना महत्व है। वहीं डिप्टी कलेक्टर अंकित कुमार ने प्रतियोगिताओं को विद्यार्थियों के ज्ञान, रचनात्मकता और आत्मविश्वास के विकास का बेहतर माध्यम बताया।डॉ. हिमांशु शर्मा ने बताया कि ईएलसी के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदाता पंजीकरण, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन, ईवीएम-वीवीपैट और निष्पक्ष एवं नैतिक मतदान के प्रति जागरूक किया जा रहा है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। अंत में सभी चयनित प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।