गोवर्धन में शादी के दिन दूल्हे के पिता की हत्या, दुल्हन के जेवर और नकदी ले जाने का आरोप, दामाद पर लगा हत्या का आरोप
Gargachary Times
21 November 2026, 20:19
35 views
Mathura
मथुरा के गोवर्धन से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। जिस घर में बेटी की विदाई और नई जिंदगी के सपने सजाए जा रहे थे, वहां अचानक चीख-पुकार और आंसुओं का माहौल बन गया।इंगलाश के गांव बसई से बारात 20 नवंबर को नई सब्जी मंडी के पास डीग रोड गोवर्धन पहुंची थी। शादी की रस्में चल रही थीं, परिवार खुशियों में डूबा था, लेकिन इसी बीच दूल्हे के पिता की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया। जानकारी के अनुसार मृतक का नाम ओमप्रकाश उम्र करीब 65 वर्ष निवासी बसई, इंगलाश जनपद अलीगढ़।
वहीं जब शादी में शामिल लोग घटनास्थल पर पहुंचे तो दूल्हे के पिता मृत अवस्था में पड़े मिले। घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और खुशियों का माहौल मातम में बदल गया।
दूल्हे का आरोप है कि उसके जीजा सुखबीर, निवासी नगरिया, जनपद अलीगढ़ ने उसके पिता की हत्या की है। दूल्हे के मुताबिक, आरोपी के साथ पहले से विवाद चल रहा था और इसी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया। आरोप यह भी है कि हत्या के बाद दुल्हन के जेवर और नकदी लेकर आरोपी फरार हो गया।
इधर, दुल्हन की मां की आंखों में अपनी बेटी के भविष्य को लेकर दर्द साफ दिखाई दे रहा है। मां का कहना है कि बड़ी मुश्किलों से कर्ज लेकर शादी के लिए पैसे जुटाए थे, बेटी की शादी के सपने संजोए थे, लेकिन इस घटना ने सब कुछ बिखेर दिया। अब मां के सामने सबसे बड़ा सवाल है कि इस दर्दनाक घटना के बाद उनकी बेटी की जिंदगी कैसे आगे बढ़ेगी?
बताया जा रहा है कि घटना रात करीब 10 बजे की है। सूचना मिलते ही गोवर्धन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा ने बताया कि रात में एक व्यक्ति के मृत अवस्था में पड़े होने की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक के गले पर चोट के निशान पाए गए।
एसएसपी के मुताबिक, मृतक के बेटे ने अपने जीजा पर आरोप लगाया है। उसने यह भी बताया कि आरोपी पहले धमकी दे चुका था कि शादी वाले दिन तुहारे यहाँ खून बहेगा। बेटे के अनुसार, बारात लेकर आते समय उसने आरोपी को आसपास घूमते हुए भी देखा था।
पुलिस ने मृतक के बेटे की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दबिश दी जा रही है।
एक तरफ सात फेरों के साथ नई जिंदगी शुरू होने की उम्मीद थी, तो दूसरी तरफ एक परिवार को अपने घर के मुखिया की मौत का दर्द झेलना पड़ा। शादी के मंडप में सजाए गए सपने इस घटना के बाद आंसुओं में बदल गए। अब परिवार को इंसाफ का इंतजार है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।