नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी अजीत को पुलिस मुठभेड़ में लगी गोली, गिरफ्तार
Gargachary Times
21 November 2026, 20:24
39 views
Firozabad
फिरोजाबाद। मक्खनपुर थाना क्षेत्र में नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे नामजद आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। घुनपई अंडरपास के नीचे हुई मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी फायरिंग के दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा, खोखा और जिंदा कारतूस बरामद किया है। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, 20 नवंबर को एक महिला ने थाना मक्खनपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि ग्राम सांती निवासी अजीत पुत्र प्रेमपाल ने उसकी नाबालिग पुत्री को रात करीब दो बजे फोन करके घर से बाहर बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा संख्या 315/2026, धारा 64(1) बीएनएस और 3/4 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था।मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमों का गठन किया गया था। पुलिस टीमें लगातार उसकी तलाश में जुटी थीं। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित आरोपी घुनपई अंडरपास के नीचे कहीं जाने की फिराक में खड़ा है।सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने आरोपी की घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरा देखकर आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ गोली चलाई, जो आरोपी के पैर में जा लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
मुठभेड़ और गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष चमन कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक कपिल कुमार, हेड कांस्टेबल कृष्ण कुमार तथा कांस्टेबल बृजभान, सुरेश कुमार, प्रशांत सागर और बीरेश कुमार शामिल रहे।