डीएम और एसएसपी ने मतदाता जागरूकता प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
Gargachary Times
21 November 2026, 20:25
28 views
Firozabad
फिरोजाबाद। लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के साथ संयुक्त रूप से मतदाता जागरूकता प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस प्रचार वाहन के माध्यम से जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर नागरिकों को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, बीएलओ के माध्यम से घर-घर सर्वे और ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया जाएगा। अधिकारियों ने अभियान की प्रभावी निगरानी और सुचारु संचालन पर भी जोर दिया।जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत ऐसे पात्र नागरिक, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सका है, वे अपना नाम जुड़वा सकते हैं। इसके अलावा एक जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवा तथा 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के नए मतदाता भी मतदाता सूची में पंजीकरण करा सकते हैं।उन्होंने बताया कि बीएलओ अपने-अपने मतदान केंद्रों के अंतर्गत घर-घर जाकर सर्वे करेंगे। मतदाता बनने के लिए फार्म-6 के साथ अब घोषणा-पत्र देना अनिवार्य नहीं है। बीएलओ द्वारा घोषणा-पत्र न मांगे जाने की स्थिति में भी फार्म-6 अवश्य प्राप्त किया जाएगा।
नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in अथवा ECINET ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं। इसके साथ ही विद्यालयों और महाविद्यालयों के प्रधानाचार्यों से पात्र विद्यार्थियों के ऑनलाइन आवेदन कराने में सहयोग करने की अपील की गई है।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने जनपद के सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि वे समय रहते मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज कराएं और अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र को मजबूत एवं सशक्त बनाने में भागीदारी निभाएं।