Loading...

डीएम और एसएसपी ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, पात्र युवाओं को मतदाता बनाने के दिए निर्देश

Gargachary Times 21 November 2026, 20:25 39 views
Firozabad
डीएम और एसएसपी ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, पात्र युवाओं को मतदाता बनाने के दिए निर्देश
फिरोजाबाद। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार को जनपद के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ द्वारा आलेख्य प्रकाशित मतदाता सूची एवं फार्म-6, 7 और 8 के साथ उपस्थित रहकर पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की प्रक्रिया संचालित की गई। इसी क्रम में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के साथ विभिन्न मतदान केंद्रों का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण की शुरुआत वी0डी0एम0 कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय से हुई, जहां जिलाधिकारी ने बूथ संख्या 355 से 361 तक पहुंचकर फार्म-6, 7 और 8 के माध्यम से प्राप्त आवेदनों एवं पुनरीक्षण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने वहां मौजूद नागरिकों, बीएलओ और बूथ लेवल एजेंटों से संवाद कर अभियान की जमीनी स्थिति की जानकारी ली। साथ ही संबंधित बीएलओ को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र नागरिक और युवा मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।इसके बाद जिलाधिकारी वी0डी0एम0 गर्ल्स इंटर कॉलेज पहुंचे और बूथ संख्या 337 से 340 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं को इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को अधिक से अधिक नए मतदाता बनवाने और अपने आसपास के पात्र युवाओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया। इसके पश्चात नारायण डिग्री कॉलेज में बूथ संख्या 362 से 369 तक चल रहे विशेष पुनरीक्षण अभियान के कार्यों का जायजा लिया। यहां उपस्थित नागरिकों से संवाद करते हुए उन्होंने लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की। विशेष रूप से युवा मतदाताओं को इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रोत्साहित किया। अंत में जिलाधिकारी ने नारायण इंटर कॉलेज पहुंचकर बूथ संख्या 348 से 354 का निरीक्षण किया और पुनरीक्षण कार्यों की स्थिति देखी। उन्होंने बीएलओ को निर्देशित किया कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराए जाएं। जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी, अद्यतन और समावेशी बनाने के लिए विशेष पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसमें सभी पात्र नागरिकों, विशेषकर युवा मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करना आवश्यक है। किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से नहीं छूटना चाहिए।
Follow Samachar24