Loading...

शिकोहाबाद तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस, 83 शिकायतों में 13 का मौके पर निस्तारण

Gargachary Times 21 November 2026, 20:26 43 views
Firozabad
शिकोहाबाद तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस, 83 शिकायतों में 13 का मौके पर निस्तारण
फिरोजाबाद। आम जनमानस की शिकायतों एवं समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को तहसील शिकोहाबाद के सभागार में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। समाधान दिवस में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं।समाधान दिवस में ग्राम घुनपई निवासी प्रेमवीर सिंह, महावीर सिंह भारती, धर्मवीर सिंह और गंभीर सिंह ने गाटा संख्या 138/5 की कृषि भूमि पर विपक्षियों द्वारा जबरन कब्जा करने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि पूर्व में एफआईआर दर्ज होने के बावजूद कब्जा नहीं छोड़ा गया है। वहीं ग्रामसभा जरौली के नगला भवानी निवासी श्याम सुंदर ने गाटा संख्या 1241 पर धारा-24 के तहत मेड़बंदी होने के बावजूद दबंगों द्वारा खेत जोतने और बोने से रोकने का मामला उठाया। ग्राम कंथरी की एक महिला ने भी गाटा संख्या 939 पर जबरन कब्जे के प्रयास और अभद्रता की शिकायत की। इन मामलों में जिलाधिकारी ने पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जांच कराने के निर्देश दिए।विद्युत विभाग से संबंधित शिकायतों में मोहल्ला पालीवाल नगर, स्टेशन रोड शिकोहाबाद निवासी सुनीता देवी ने घर के छज्जे पर झुके विद्युत पोल को सीधा कराने अथवा दूसरी जगह शिफ्ट कराने की मांग की। इस पर डीएम ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं ग्राम आरौंज निवासी दिव्यांग मूंगाराम राठौर ने विकलांग आवास योजना के तहत बने मकान के ऊपर से गुजर रही झुकी हुई और अर्थिंग वाली बिजली केबल एवं खंभे को हटवाने की मांग उठाई, जिससे उनके परिवार को संभावित खतरे से बचाया जा सके। संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 83 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 13 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। शेष शिकायतों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को सौंपा गया।इस दौरान जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन शिकायतों का निस्तारण पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ निर्धारित समय सीमा में किया जाए। फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। भूमि विवाद और अवैध कब्जे से जुड़े मामलों में पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें मौके पर पहुंचकर निष्पक्ष जांच करें और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। वहीं विद्युत सुरक्षा से जुड़े मामलों में तत्काल कार्रवाई कर संभावित खतरे को दूर किया जाए।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने भी पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि थानों पर आने वाले पीड़ितों की शिकायतों को प्राथमिकता से सुना जाए और लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। समाधान दिवस में उपजिलाधिकारी शिकोहाबाद, क्षेत्राधिकारी शिकोहाबाद सहित जिला एवं तहसील स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Follow Samachar24